पाक को दिखाया आईना
आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए एक बार फिर पाकिस्तान दुनिया के सामने बेनकाब हुआ है। आतंकवादी संगठन पाकिस्तान की जमीन से अपनी गतिविधियों को संचालित कर भारत को निशाना बना रहे हैं। इस बात का खुलासा अमेरिकी विदेश विभाग की एक रिपोर्ट से हुआ है। अमेरिका ने वैश्विक आतंकवाद पर एक रिपोर्ट जारी की …
आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए एक बार फिर पाकिस्तान दुनिया के सामने बेनकाब हुआ है। आतंकवादी संगठन पाकिस्तान की जमीन से अपनी गतिविधियों को संचालित कर भारत को निशाना बना रहे हैं। इस बात का खुलासा अमेरिकी विदेश विभाग की एक रिपोर्ट से हुआ है। अमेरिका ने वैश्विक आतंकवाद पर एक रिपोर्ट जारी की है।
अमेरिकी विदेश मंत्री एंथनी ब्लिंकन ने कहा है कि पाकिस्तान की धरती का प्रयोग आतंकवादी भारत और भारतीय उपमहाद्वीप में अपनी गतिविधियां चलाने लिए कर रहे हैं। इन आतंकी गतिविधियों को पाकिस्तान मदद करता है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पाकिस्तान ने जैश-ए-मोहम्मद के संस्थापक और संयुक्त राष्ट्र द्वारा आतंकवादी घोषित किए गए आतंकवादी मसूद अजहर और 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड साजिद मीर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
पाकिस्तान ना सिर्फ ऐसे आतंकियों को पाल रहा है, बल्कि वहां आतंकवादी निडर होकर घूम रहे हैं। पाकिस्तान, घाटी खास तौर से श्रीनगर शहर में शांति भंग करने पर आमादा है। पिछले दिनों अमेरिकी रिसर्च सर्विस की एक रिपोर्ट में भी कहा गया था कि पाकिस्तान एक नहीं पूरे 12 विदेशी आतंकी संगठनों को शरण दे रहा है। पाकिस्तान को फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (एफएटीएफ) ने आतंकवाद के लिए वित्त पोषण के आरोप में ग्रे सूची में शामिल कर रखा है।
इस वजह से उसकी अर्थव्यवस्था लड़खड़ा गई है। आतंकी गतिविधियों में पाकिस्तान की भूमिका से साफ है कि उसे अपनी अर्थव्यवस्था की नहीं बल्कि आतंकियों की चिंता है। कर्ज में डूबे पाकिस्तान को देखकर, बस यही कहा जा सकता है कि आतंक की फंडिंग करके, पाकिस्तान अपनी अर्थव्यवस्था को तबाह करने की कगार पर है। एफएटीएफ ने पाकिस्ताडन से कहा है कि उसको तालिबान, हक्कानी नेटवर्क, अलकायदा जैसे संगठनों के सरगना के खिलाफ भी ठोस कार्रवाई करनी होगी नहीं तो उसे प्रतिबंधित सूची में भी जाना पड़ सकता है। यह रिपोर्ट ऐसे समय में आई है जब पाकिस्तान ग्रे सूची से बाहर आने के लिए छटपटा रहा है।
साथ ही हमारे सुरक्षा बल जम्मू-कश्मीर में आतंकी-राजनीतिक गठजोड़ और टेरर फंडिंग के नेटवर्क को पूरी तरह तबाह करने में जुटे हैं। सुरक्षाबलों ने रविवार को हरवान इलाके में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा एक आतंकी मार गिराया है। उधर भारत ने अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र को पर्याप्त सबूत प्रदान किए हैं कि पाकिस्तान ने भारत में चल रहे आतंकवादी हमलों को प्रायोजित किया है। अब अमेरिकी रिपोर्ट ने भारत के दावे को और बल दे दिया है।
