मुरादाबाद : बेसहारों को नये साल में मिलेगी छत, एमडीए सचिव बोले- बैंकों से ऋण दिलाकर आवंटियों को देंगे आवास की चाबी
मुरादाबाद, अमृत विचार। चार साल से आशियाने का ख्वाब देख रहे गरीबों को इस बार भी झटका लगा है। इस साल भी उनका सपना अधूरा ही रह जाएगा। हालांकि मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के प्रयासों से नए साल में उनका सपना साकार होने की उम्मीद जगी है। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण का दावा है कि प्रधानमंत्री आवास …
मुरादाबाद, अमृत विचार। चार साल से आशियाने का ख्वाब देख रहे गरीबों को इस बार भी झटका लगा है। इस साल भी उनका सपना अधूरा ही रह जाएगा। हालांकि मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के प्रयासों से नए साल में उनका सपना साकार होने की उम्मीद जगी है।
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण का दावा है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के आवंटियों को बैंकों से ऋण दिलाकर उसके द्वारा आवासों की चाबी सौंपी जाएगी। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण ने वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहर के छह स्थानों पर आवासों का निर्माण शुरू कराया था। इन आवासों के लिए शहर के गरीबी रेखा से नीचे गुजर-बसर करने वाले लोगों से आवदेन मांगे गए थे। जिसमें 1744 लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के लिये पात्र माना गया था।
आवासों का निर्माण तो पूर्ण हो चुका है। लेकिन, आज तक आवंटियों को उनके मकान की चाबी नहीं मिली पाई। एक नवंबर को पुलिस लाइन में हुए कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सभी आवंटियों को मकान की चाबी देने का ऐलान भी किया गया था। मुख्यमंत्री के एलान के बाद आवंटी जब अपने मकानों की चाबी लेने के लिए एमडीए कार्यालय पहुंचे तो उन्हें बताया कि जब तक पीएम आवास की किश्ते पूरी नहीं होगी, तब तक मकान की चाबी नहीं दी जाएगी।
लोग गरीबी की वजह से एक साथ आवास की रकम जमा नहीं कर पा रहे हैं। इसको लेकर एमडीए उपाध्यक्ष मधुसूदन हुल्गी ने प्रधानमंत्री आवास के आवंटियों को बैंकों से ऋण दिलाकर उनके आवास देने का रास्ता निकाला है। इसके लिए एमडीए द्वारा तीन बैंकों से आवास योजना के आवंटियों को ऋण दिलाया जा रहा है। जिसकी प्रक्रिया अगले महीने तक पूरी होने की उम्मीद है। उम्मीद जताई जा रही है कि नया साल प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के लिये सौगात लेकर आएगा।
एमडीए सचिव सर्वेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इस योजना के अंतर्गत जिन आवंटियों का पूरा पैसा जमा हो गया है, उन्हें आवासों की चाबियां दी जा रही हैं। हम लोग बैंक के माध्यम से आवंटियों को ऋण उपलब्ध करवा रहे हैं, जिसके बाद आवंटियों का अपने घर का सपना पूरा हो सकेगा।
