नैनीताल: ठंडी सड़क पर लूटपाट करने वाले दो युवक गिरफ्तार
नैनीताल, अमृत विचार। मल्लीताल पुलिस ने ठंडी सड़क पर एक युवक के साथ हुई लूट का खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बीते 10 दिसंबर को नगर की ठंडी सड़क पर हयात सिंह बोरा से दो युवकों ने मारपीट कर नकदी और एंड्राइड मोबाइल लूट लिया था। उसने मल्लीताल कोतवाली में तहरीर …
नैनीताल, अमृत विचार। मल्लीताल पुलिस ने ठंडी सड़क पर एक युवक के साथ हुई लूट का खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बीते 10 दिसंबर को नगर की ठंडी सड़क पर हयात सिंह बोरा से दो युवकों ने मारपीट कर नकदी और एंड्राइड मोबाइल लूट लिया था। उसने मल्लीताल कोतवाली में तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
तहरीर मिलने के बाद सीओ संदीप नेगी व कोतवाल धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में दो पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने नगर के सभी सीसीटीवी कैमरे और एसओजी सर्विलांस टीम की मदद से लूट में शामिल दो युवकों दन्या निवासी पंकज जोशी (19) हाल पता हल्दूचौड़ लालकुआं व दन्यां निवासी गौतम सिंह बिष्ट (20) को हनुमान गढ़ी मंदिर के समीप से लूटे हुए सामान के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह दोनो विद्यार्थी हैं और स्मैक का नशा करते हैं। रुपए खत्म होने पर उन्होंने शहर में आकर ठंडी सड़क पर अकेले घूम रहे युवक के साथ मारपीट कर नकदी व मोबाइल फोन छीन लिया था।
वाहन में चोरी का भी खुलासा
नैनीताल। पुलिस ने बीते सात दिसंबर की देर रात शहर के मल्लीताल निवासी पॉपुलर कंपाउंड निवासी नासिर के वाहन में लगे एंप्लीफायर, स्पीकर, पेनड्राइव स्टेफनी, टायर की चोरी का भी खुलासा कर दिया है।
पुलिस ने इस मामले में बिंदुखत्ता निवासी महेंद्र साह (27) को बीडी पांडे अस्पताल के समीप से चोरी किए गए सामान के साथ गिरफ्तार किया है। कोतवाल धर्मवीर सोलंकी ने बताया की लूट और चोरी की घटना को अंजाम देने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
