हल्द्वानी: शीतलहर से मिली थोड़ी राहत, 27 से होगी बारिश
हल्द्वानी, अमृत विचार। पिछले कई दिनों से शीतलहर की वजह से पड़ रही कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में राहत मिली है। हालांकि ठंड का असर अभी भी बरकरार रहेगा। 27 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के आसार हैं। मंगलवार के दिन ठंड से कुछ राहत …
हल्द्वानी, अमृत विचार। पिछले कई दिनों से शीतलहर की वजह से पड़ रही कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में राहत मिली है। हालांकि ठंड का असर अभी भी बरकरार रहेगा। 27 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के आसार हैं।
मंगलवार के दिन ठंड से कुछ राहत मिली। पिछले कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड की जगह लोगों के दिन के समय गर्मी का थोड़ा अहसास हुआ। हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। जो पिछले दिनों दर्ज किए जा रहे तापमान से छह डिग्री ज्यादा था। इधर न्यूनतम तापमान में भी सुधार आया है। मंगलवार को हल्द्वानी का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस पर रहा। जबकि सोमवार को यहां का न्यूनतम तापमान एक डिग्री दर्ज किया गया था।
लोग दिन के समय धूप सेंकते हुए नजर आए। मौसम विभाग का कहना है कि कोहरे से भी कुछ राहत मिलेगी और 26 दिसंबर तक मौसम साफ रहेगा। हालांकि न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे ही बना रहेगा। दिन के समय तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जाएगी। इसके बाद 27 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। और 29 दिसंबर तक बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। 29 दिसंबर के बाद एक बार फिर से ठंड का असर बढ़ेगा।
मंगलवार को ठंड से काफी राहत मिली है। मैदानी इलाकों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। 27 दिसंबर से उत्तरखंड में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं।
– डा. आरके सिंह, मौसम विज्ञानी, जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय, पंतनगर
बाजार में रही रौनक
हल्द्वानी। मंगलवार को दिन के समय चटख धूप खिलने की वजह से बाजार में भी रौनक रही। भीषण सर्दी की वजह से जहां पिछले कुछ दिनों से बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ था तो वहीं ठंड से राहत मिलते ही कई लोगों ने बाजार का रूख किया। इससे व्यापारियों के चेहरे खिले रहे।
