दौरों का दौर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को प्रयागराज में आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में कहा कि केन्द्र सरकार की ओर से शुरु किए गए अभियानों का ही नतीजा है कि आज देश के तमाम राज्यों में बेटियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। प्रधानमंत्री ने 43 जिलों में 202 पूरक पोषण निर्माण इकाइयों की आधारशिला रखी। …

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को प्रयागराज में आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में कहा कि केन्द्र सरकार की ओर से शुरु किए गए अभियानों का ही नतीजा है कि आज देश के तमाम राज्यों में बेटियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। प्रधानमंत्री ने 43 जिलों में 202 पूरक पोषण निर्माण इकाइयों की आधारशिला रखी। इनका निर्माण प्रति यूनिट लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इस दौरान पीएम मोदी ने महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन के लिए 1.6 लाख स्वयं सहायता समूह के खातों में करीब 1,000 करोड़ रुपए स्थानांतरित किए।

सरकार का दावा है कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए विशेष रूप से जमीनी स्तर पर, उन्हें आवश्यक कौशल, प्रोत्साहन और संसाधन प्रदान करने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित किया गया। हालांकि शनिवार को कार्यक्रम स्थल के दौरे के समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि यह पूरी तरह से सरकारी कार्यक्रम है, ऐसे में इसे राजनीति से दूर रखना जरूरी है। फिर भी इस आयोजन के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। कहा जा सकता है कि ‘नारी शक्ति, देश शक्ति’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम से प्रदेश की आधी आबादी के वोट बैंक पर भी नजर रही।

कांग्रेस के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ के नारे को भी निशाने पर लिया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के लिए शादी की उम्र बढ़ाने और इसे पुरुषों के बराबर रखने की सरकार की योजना का भी बचाव किया गया। यह कार्यक्रम तब आयोजित किया गया, जब राज्य में आशा कार्यकर्ता मानदेय की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं। इसके अलावा कोरोना टीकाकरण में सहयोग करने वाली महिला कर्मियों की भी अपनी मांगे हैं।

दरअसल उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव करीब हैं। चुनाव नजदीक आने के साथ-साथ राजनीतिक पार्टियों की सत्ता पाने की छटपटाहट बढ़ती जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी भी प्रदेश में दौरे पर दौरा कर रहे हैं। पिछले महीने में प्रधानमंत्री छह बार उत्तर प्रदेश आ चुके हैं। अब अगले 10 दिन में ही वे चार बार उत्तर प्रदेश आने वाले हैं। अभी शनिवार को उन्होंने शाहजहांपुर में करीब 36 हजार करोड़ की लागत से बनने वाले गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास किया।

चुनाव से पहले पीएम मोदी के लगातार दौरों से लग रहा है कि भाजपा के चुनावी अभियान की कमान उन्होंने संभाल ली है। आचार संहिता लगने से पहले वह सारे शिलान्यास और उद्घाटन के कार्यक्रम पूरे कर लेना चाहते हैं।