मुरादाबाद : मेडिकल में अनफिट को नहीं मिलेगी ‘थानेदारी’
मुरादाबाद, अमृत विचार। अधिक वजन होने या अक्सर बीमार रहने वाले निरीक्षकों व उपनिरीक्षकों पर शासन शिकंजा कस रहा है। अगर वह अनफिट हैं तो उनको थानेदारी का मौका नहीं मिलेगा। पूरी तरह से फिट पुलिस कर्मियों को थाना प्रभारी की कमान सौंपी जाएगी। इसके लिए सभी निरीक्षकों व उप निरीक्षकों को शासन ने स्वास्थ्य …
मुरादाबाद, अमृत विचार। अधिक वजन होने या अक्सर बीमार रहने वाले निरीक्षकों व उपनिरीक्षकों पर शासन शिकंजा कस रहा है। अगर वह अनफिट हैं तो उनको थानेदारी का मौका नहीं मिलेगा। पूरी तरह से फिट पुलिस कर्मियों को थाना प्रभारी की कमान सौंपी जाएगी। इसके लिए सभी निरीक्षकों व उप निरीक्षकों को शासन ने स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ कार्यालय से स्वास्थ्य परीक्षण की रिपोर्ट मिलने के बाद ही उनके नामों पर विचार किया जाएगा। शासनादेश मिलने के बाद एसएसपी ने सभी थानेदारों को निर्देश दिए हैं कि वह खुद के साथ ही थाने में मौजूद सभी उपनिरीक्षकों की वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण रिपोर्ट एक सप्ताह के अंदर कार्यालय में जमा करा दें।
अक्सर आपने थानों में अधिक वजन वाले पुलिस कर्मियों को देखा होगा। कुछ तो इस कदर मोटे व बीमार होते हैं कि कुछ कदम पैदल चलना भी उनके लिए दुश्वार हो जाता है। इसके बाद भी वह आसानी से थाने व चौकियों में पोस्टिंग करा लेते हैं। यह हालात तब हैं जब पुलिस कर्मियों को फिट रखने के लिए हर मंगलवार व शुक्रवार को पुलिस लाइन में परेड भी कराई जाती है। पर हकीकत में इस परेड में केवल पुलिस लाइन में तैनात पुलिस कर्मी ही हिस्सा लेते हैं। जबकि थाने व चौकी में तैनात पुलिस कर्मी साठगांठ कर परेड से बच जाते हैं।
स्वास्थ्य परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर होगी तैनाती : आखिरकार शासन ने ऐसे पुलिस कर्मियों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। इस संबंध में पुलिस महानिदेशक स्थापना ने सभी जिलों को पत्र भेजा है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि केवल पूरी तरह से स्वस्थ निरीक्षक व उपनिरीक्षक को थाने व चौकी की कमान सौंपी जाएगी। इसके लिए सभी निरीक्षक व उपनिरीक्षक को स्वास्थ्य परीक्षण कराना अनिवार्य हो गया है। स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद वह सीएमओ कार्यालय से मिलने वाली रिपोर्ट को अपने प्रपत्रों में शामिल करेंगे। उसी रिपोर्ट के आधार पर उनको थाने में तैनाती दी जाएगी।
शासन से निर्देश मिलने के बाद सभी थानेदारों व तैनात स्टाफ को स्वास्थ्य परीक्षण कराने के आदेश कर दिए गए हैं। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ही उनकी तैनाती की जाएगी। अनफिट पुलिस कर्मियों को कार्यालयों से संबंद्ध किया जाएगा। बबलू कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
