हल्द्वानी: मुख्यमंत्री के आगमन पर जाम, प्रधानमंत्री के आगमन पर न हो त्राहिमाम!
सर्वेश तिवारी, हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा के लिए मैदान चिह्नित करने आए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगमन ने शहर के मुख्य मार्ग और मुख्य मार्ग से जुड़ने वाले कई रास्तों को जाम कर दिया। जाम भी आधे घंटे से अधिक वक्त तक लगा रहा और इस जाम में दो एंबुलेंस …
सर्वेश तिवारी, हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा के लिए मैदान चिह्नित करने आए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगमन ने शहर के मुख्य मार्ग और मुख्य मार्ग से जुड़ने वाले कई रास्तों को जाम कर दिया। जाम भी आधे घंटे से अधिक वक्त तक लगा रहा और इस जाम में दो एंबुलेंस भी फंस गईं। आधे घंटे बाद जाम तो खुल गया, लेकिन अव्यवस्था दुरुस्त होने में वक्त लगा।
ऐसे में जब प्रधानमंत्री की जनसभा शहर में होगी तो यातायात के लिहाज से कितनी आफत होगी, अंदाजा लगाया जा सकता है।
गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को प्रधानमंत्री की जनसभा के अनुरूप नहीं पाया गया। इसके बाद एमबी इंटर कॉलेज के मैदान को इसके लिए चुना गया और इस मैदान पर अंतिम मुहर लगाने के लिए गुरुवार को खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शहर पहुंचे। उनके पहुंचने से पहले ही एफटीआई मैदान से लेकर एमबी इंटर कॉलेज के मैदान तक जाने वाले रूट पर पुलिस मुस्तैद कर दी गई थी।
दोपहर में मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर एफटीआई मैदान में उतरा। इससे दस मिनट पहले ही पुलिस ने एफटीआई से एमबी इंटर कॉलेज मैदान की ओर जाने वाले रास्ते को आम जनता के लिए पूरी तरह बंद कर दिया। आलम यह था कि इस जाम में नैनीताल रोड पर एसडीएम कोर्ट के पास दो एंबुलेंस भी फंस गईं। इनमें से एक में मरीज था, जिसे किसी तरह जाम से निकाला गया। जाम का ये सिलसिला आधे घंटे से अधिक वक्त तक चला और लोग फंसे रहे। शहर की नैनीताल रोड, बरेली रोड, कालाढूंगी रोड और रामपुर रोड जाम रही।
इस रूट से होकर गुजरा मुख्यमंत्री का काफिला
हल्द्वानी। एफटीआई मैदान में मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरा। जिसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला रामपुर रोड पार करता हुआ कैंसर हॉस्पिटल पहुंचा। यहां से हीरानगर होते हुए जेल रोड चौराहा कालाढूंगी रोड पहुंचा और बद्रीपुरा होते हुए नैनीताल रोड होकर तिकोनिया चौराहा और कैनाल रोड से गुजर कर एमबी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचा। यहां कुछ मिनट मैदान को निहारने के बाद मुख्यमंत्री वापस लौट गए। इसके बाद शहर जाम से मुक्त हुआ।
आम लोगों के लिए यहां-यहां बंद किए गए थे रास्ते
– रामपुर रोड पर गांधी इंटर कॉलेज तिराहे को बंद किया गया।
– बरेली रोड पर गांधी इंटर कॉलेज तिराहा बंद रहा।
– कैंसर हॉस्पिटल चौराहे पर की गई बेरीकेडिंग।
– जज फार्म तिराहे पर बेरीकेडिंग।
– कालाढूंगी रोड, जेल रोड पर बेरीकेडिंग।
– कालाढूंगी बद्रीपुरा मोड़ पर बेरीकेडिंग।
– नैनीताल जिला सहकारी बैंक तिराहे पर बेरीकेडिंग।
– तिकोनिया चौराहे पर बेरीकेडिंग।
– दुर्गा सिटी सेंटर चौराहे और नवाबी रोड पर बेरीकेडिंग।
