मुरादाबाद : स्वच्छ पेयजल की आस में ही गुजर गया साल, नहीं बने नलकूप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। उम्मीद की आस में शुरू हुआ वर्ष 2021 भी इंतजार में खत्म होने जा रहा है। साल की शुरुआत में महानगर की दशा और दिशा बदलने के तमाम दावे किए गए थे, जो अंत में हवाई साबित हुए। यही वजह रही कि महानगर की पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं हो सका। अभी …

मुरादाबाद, अमृत विचार। उम्मीद की आस में शुरू हुआ वर्ष 2021 भी इंतजार में खत्म होने जा रहा है। साल की शुरुआत में महानगर की दशा और दिशा बदलने के तमाम दावे किए गए थे, जो अंत में हवाई साबित हुए। यही वजह रही कि महानगर की पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं हो सका। अभी भी तमाम कालोनी के लोग पानी को तरस रहे हैं या फिर गंदा व रेतीला पानी घरों में जा रहा है। यह साल भी स्वच्छ पेयजल की आस में ही गुजर गया।

पेयजल व्यवस्था में सुधार लाने के लिए बजट मंजूर होने के बाद भी छह नलकूप नहीं बन सके। जबकि दो नलकूप बनने के बाद भी बिजली का कनेक्शन न होने के कारण चालू नहीं हो पाए। महानगर की पेयजल व्यवस्था में सुधार लाने के लिए हर साल नगर निगम करोड़ों रुपया खर्च करता है। इसके बाद भी 70 वार्डों वाले इस महानगर में कई इलाकों में लोगों को स्वच्छ पानी नहीं मिल पा रहा है।

विद्युत कनेक्शन भी नहीं मिले
बजट मंजूर होने के बाद भी छह नलकूपों का निर्माण नहीं हो सका है। कटघर और लाइनपार में नलकूप तो बन गया हैं लेकिन, बिजली का कनेक्शन न होने के कारण वह भी दिखावा साबित हो रहे हैं। छह नलकूपों का निर्माण न होने के संबंध में विभागीय अधिकारी जरूरत के हिसाब से नलकूप लगवाने की बात कह रहे हैं।

मंजूर हुआ था 11 करोड़ रुपये का बजट
नगर निगम की बोर्ड बैठक में शुद्ध पेजयल का मुद्दा काफी जोर-शोर से उछला था। सभासदों ने गंदे पानी की बोतलें लेकर हंगामा किया था। इसके बाद बोर्ड की बैठक में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए करीब 11 करोड़ का बजट मंजूर हुआ था। इस बजट से नए नलकूपों के साथ ही पुरानों की मरम्मत कराना और सड़कों की खोदाई के कारण टूट चुकी पाइप लाइनों की मरम्मत कराने की योजना थी। बजट मंजूर होने के बाद करुला, बरबालान, आजादनगर, गांधी पार्क, खुशहालपुर, लाइनपार प्रकाश नगर, मैनाठेर, सोनकपुर हड्डी मिल और गलशहीद समेत करीब 20 स्थानों पर नए नलकूप लगवाने के साथ ही पाइप लाइन डालने की कवायद शुरू हुई थी। वार्ड-50 में पाइप लाइन की मरम्मत कराई गई। वार्ड-26 में काफी समय पहले बने नलकूप को चालू कराने के लिए बिजली का कनेक्शन करवाया गया। पचपेड़ा स्थित पानी की टंकी की मरम्मत कराई गई। इसके अलावा टाउनहाल, कंजरी सराय, लाइनपार, लालबाग, मंडी चौकी के पीछे जर्जर पाइप लाइन की मरम्मत कराई गई।

जल महाप्रबंधक एके राजपूत ने बताया कि काफी हद तक पेयजल व्यवस्था में सुधार हो गया है। कई स्थानों की पाइप लाइन बदलवा दी गई है। कुछ नलकूप रह गए हैं, जल्द ही उनका निर्माण करा दिया जाएगा। बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन कर दिया गया है।

संबंधित समाचार