नैनीताल: टैक्सी चालकों की हड़ताल, पर्यटक हलकान
नैनीताल, अमृत विचार। नैनीताल में तकरीबन पांच सौ टैक्सी संचालकों ने हड़ताल शुरू कर दी है। 2017 से पहले खरीदी गई टैक्सियों के परमिट रिन्यूअल करने में परिवहन विभाग की ओर से नैनीताल प्रतिबंधित होने की मुहर लगाने व इस बहाने पुलिस की ओर से टैक्सियों का तीन से पांच हजार तक चालान करने के …
नैनीताल, अमृत विचार। नैनीताल में तकरीबन पांच सौ टैक्सी संचालकों ने हड़ताल शुरू कर दी है। 2017 से पहले खरीदी गई टैक्सियों के परमिट रिन्यूअल करने में परिवहन विभाग की ओर से नैनीताल प्रतिबंधित होने की मुहर लगाने व इस बहाने पुलिस की ओर से टैक्सियों का तीन से पांच हजार तक चालान करने के विरोध में टैक्सी यूनियनों ने हड़ताल तेज कर दी है। संचालक व चालकों ने चिड़ियाघर के लिए संचालित शटल सेवा से भी पर्यटकों को उतार दिया और हल्द्वानी भवाली को संचालित टैक्सियों से भी सवारियों को जबरन उतार दिया। हड़ताल से शहर में टैक्सी संचालन ठप हो गया है। जिससे स्थानीय लोगों व पर्यटकों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। लोगों को पैदल ही अपने सामान घसीटते हुए देखा गया।
तल्लीताल डांठ पर एकत्र हुए चालकों और संचालकों ने परिवहन विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और फिर कहा कि जबरन उनका शोशण किया जा रहा है ऐसे हालातों में काम करना कठिन हो गया है। टैक्सी ट्रेवल्स यूनियन अध्यक्ष नीरज जोशी ने कहा कि उच्च न्यायालय ने तीन जुलाई 2017 को नैनीताल निवासी प्रो. अजय रावत बनाम भारत सरकार वाली जनहित याचिका पर नैनीताल के ट्रैफिक को लेकर आदेश भी पारित किया था, जिसमें कहा था कि तीन जुलाई 2017 के बाद जो भी नए परमिट प्रदेश में निर्गत किए जाएंगे उसमें नैनीताल नगर प्रवेश पर प्रतिबंधित वाली मुहर लगाई जाएगी। उन वाहनों का प्रवेश नैनीताल में नहीं होगा, शेष वाहन तीन जुलाई 2017- से पूर्व के हैं, उन पर यह आदेश लागू नहीं होगा।
