बरेली: कैंटर की नंबर प्लेट लगाकर कटवा दिया 1.10 लाख का चालान
बरेली, अमृत विचार। कैंटर की नंबर प्लेट लगाकर 10 टायरा ट्रक चालक ने टोल प्लाजा पर 1.10 लाख का चालान कटवा दिया। दो माह बाद जब कैंटर चालक को चालान का पता चला तो टोल प्लाजा पर जानकारी हासिल की। फर्जीबाड़ा सामने आने के बाद चालक ने आरटीओ कार्यालय में शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई …
बरेली, अमृत विचार। कैंटर की नंबर प्लेट लगाकर 10 टायरा ट्रक चालक ने टोल प्लाजा पर 1.10 लाख का चालान कटवा दिया। दो माह बाद जब कैंटर चालक को चालान का पता चला तो टोल प्लाजा पर जानकारी हासिल की। फर्जीबाड़ा सामने आने के बाद चालक ने आरटीओ कार्यालय में शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। फर्जी ट्रक चालक द्वारा आपराधिक कृत्य की आशंका जताते हुए कैंटर चालक ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत की है।
बहेड़ी थाना क्षेत्र के चचैट के मुखत्यार अहमद कैंटर चालक हैं। उन्होंने बताया कि किसी अज्ञात 10 टायरा ट्रक चालक द्वारा उनके कैंटर की नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते हुए हजारों का चालान कटवा दिया गया। बताया कि 26 जून 2021 की रात करीब 12 बजे उन्होंने कैंटर लोड करके उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर स्थित किच्छा से दिनेशपुर के लिए रवाना किया था।
इसके दो घंटे बाद ही फतेहगंज पश्चिमी स्थित ठिरिया टोल प्लाजा पर कैंटर की नंबर प्लेट इस्तेमाल करते हुए एक अज्ञात ट्रक चालक ने ओवरलोड के चलते 60 हजार का चालान कटवा दिया। इस चालान की जानकारी उन्हें दो माह बाद 19 अगस्त को हुई। उन्होंने आरोटीओ कार्यालय में शिकायत की, लेकिन अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। पहले चालान की जांच अभी चल ही रही थी कि 22 अक्टूबर को कैंटर चालक को दोबारा ठिरिया टोल प्लाजा पर 50 हजार का चालान कटने की जानकारी हुई, जबकि उस दिन कैंटर लखीमपुर खीरी के पलिया में था।
इस पर कैंटर चालक ने टोल प्लाजा कर्मचारियों से संपर्क किया। चालान वाले दिन की सीसीटीवी फुटेज निकलवाई। फुटेज में ट्रक चालक द्वारा फर्जीबाड़ा किए जाने की बात सामने आई। टोल कर्मचारियों ने आरटीओ कार्यालय में पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बावजूद कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत करते हुए भविष्य में ट्रक चालक द्वारा आपराधिक कृत्य करने और खुद के फंसने की आशंका जताई है। साथ ही आरोपित पर कार्रवाई करते हुए उसका चालान माफ करने की मांग की है।
