मुरादाबाद : पुलिसकर्मियों को एसएसपी बोलेंगे हैप्पी बर्थडे टू यू
मुरादाबाद,अमृत विचार। ड्यूटी की व्यस्तता के चलते पुलिसकर्मी अन्य शुभ अवसर तो दूर अपना जन्मदिन भी नहीं मना पाते हैं। कई बार उन्हें पता ही नहीं चल पाता कि आज उनका जन्मदिन था। जब कोई शुभकामना देता है तब उन्हें अपने जन्मदिन की याद आती है। मगर अब ऐसा नहीं होगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू …
मुरादाबाद,अमृत विचार। ड्यूटी की व्यस्तता के चलते पुलिसकर्मी अन्य शुभ अवसर तो दूर अपना जन्मदिन भी नहीं मना पाते हैं। कई बार उन्हें पता ही नहीं चल पाता कि आज उनका जन्मदिन था। जब कोई शुभकामना देता है तब उन्हें अपने जन्मदिन की याद आती है। मगर अब ऐसा नहीं होगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने इसके लिए विशेष इंतजाम किए हैं। इसके तहत कप्तान अब सहकर्मियों का जन्मदिन मनवाएंगे, बल्कि उन्हें विशेष तौर पर तैयार कराया बर्थडे कार्ड भी भेजेंगे। एसएसपी बबलू कुमार ने जिला पुलिस में तैनात सभी अधिकारियों और सिपाहियों के लिए विशेष पहल की है। इसके तहत अब वह खुद सहकर्मियों का जन्मदिन मनवाएंगे। इसके लिए उन्होंने नई व्यवस्था बनाई है। इसके तहत उन्होंने विशेष तरह का बर्थडे कार्ड तैयार कराया है।
जनपद में तैनात प्रत्येक पुलिसकर्मी को जन्मदिन से एक या दो दिन पहले ही इस कार्ड के जरिए एसएसपी का शुभकामना संदेश पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से उस पुलिसकर्मी को पता चल जाएगा कि उसका जन्मदिन आ गया है। इसके लिए पुलिस ऑफिस से सभी पुलिसकर्मियों की जन्मतिथि का रिकार्ड तैयार कराकर उसे माह और तिथिवार अलग किया जा रहा है, ताकि समय रहते प्रत्येक पुलिसकर्मी तक कार्ड पहुंचाया जा सके।
अधिकारियों का मानना है कि कप्तान की इस नई पहल से ड्यूटीरत पुलिस कर्मियों को अपने परिवार की कमी नहीं खलेगी। इसके अलावा सीधे कप्तान से शुभकामना संदेश मिलने पर उनका उत्साहवर्धन भी होगा। बर्थडे कार्ड तैयार कराने का आर्डर भी दे दिया गया है। एसएसपी ने बताया कि कार्ड भेजने के साथ ही उनके तैनाती स्थल पर ही केक काटने की व्यवस्था भी की गई है।
