हल्द्वानी: अपने ही घर की छत पर जाने से पहले करानी होगी तलाशी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में पुलिस-प्रशासन कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही है। अब पुलिस ने उस रूट को अपनी निगहबानी में कर लिया है, जिस रूट से गुजर कर प्रधानमंत्री का काफिला जनसभा स्थल तक पहुंचेगा। ऐसे में अगर आपको अपनी ही छत पर जाना होगा तो पुलिस की इजाजत लेनी …

हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में पुलिस-प्रशासन कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही है। अब पुलिस ने उस रूट को अपनी निगहबानी में कर लिया है, जिस रूट से गुजर कर प्रधानमंत्री का काफिला जनसभा स्थल तक पहुंचेगा। ऐसे में अगर आपको अपनी ही छत पर जाना होगा तो पुलिस की इजाजत लेनी होगी और जामातलाशी करानी होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 दिसंबर को शहर में पहुंचेंगे। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर तिकोनिया स्थित कैंट में उतरेगा। यहां से प्रधानमंत्री का काफिला या तो नैनीताल रोड से होते हुए दुर्गा सिटी सेंटर से मुड़ कर एमबी इंटर कॉलेज मैदान तक पहुंचेगा या फिर तिकोनिया चौराहे से कैनाल रोड होते हुए सीधा जनसभा स्थल तक पहुंचेगा।

हालांकि ज्यादा संभावना नैनीताल रोड से दुर्गा सिटी सेंटर होते हुए ही काफिले के गुजरने का अनुमान है। इससे पहले पुलिस ने दोनों रूट पर मौजूद घरों को चिह्नित कर लिया है। हर घर की छत पर पुलिस असलहों से लैस होगी। किसी को भी छत से प्रधानमंत्री के काफिले को निहारने की मनाही नहीं है, लेकिन इससे पहले सुरक्षा नियम पूरे करने जरूरी होंगे। यानी छत पर जाने से पहले आप कुछ भी ऐसा अपने साथ नहीं ले जा सकेंगे, जिसे काफिले पर फेंक कर व्यवधान उत्पन्न किया जा सके। पूरी जामा तलाशी लेने के बाद ही पुलिस छत पर जाने की इजाजत देगी।

ऊंची इमारतों से नजर रखेंगे शार्प शूटर
हल्द्वानी। जनसभा स्थल एमबी इंटर कॉलेज मैदान के चारों ओर कई ऊंची इमारतें और पानी की टंकी है। ये इमारतें और पानी की टंकी जनसभा स्थल पर नजर रखने अच्छी जगह है। पुलिस ने पानी की टंकी के साथ ऐसी सभी इमारतों को चिह्नित कर लिया है। इन सभी स्थानों पर पुलिस के सबसे बेहतरीन शार्प शूटर की तैनाती होगी। जो दूरबीन से भीड़ और आने जाने वालों पर नजर रखेंगे।

संबंधित समाचार