रामपुर : बिजली कटौती पर भड़के व्यापारी, जेई का घेराव
रामपुर, अमृत विचार। शहर में अंधाधुंध कटौती को लेकर व्यापारी सड़कों पर उतर आए। शाहबाद गेट बिजलीघर पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद व्यापारियों की समस्याओं को लेकर अवर अभियंता से वार्ता कर जल्द समाधान कराने की मांग की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा ने कहा कि छह माह पुरानी एफआईआर के नाम …
रामपुर, अमृत विचार। शहर में अंधाधुंध कटौती को लेकर व्यापारी सड़कों पर उतर आए। शाहबाद गेट बिजलीघर पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद व्यापारियों की समस्याओं को लेकर अवर अभियंता से वार्ता कर जल्द समाधान कराने की मांग की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा ने कहा कि छह माह पुरानी एफआईआर के नाम पर व्यापारियों का शोषण किया जा रहा है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाशत नहीं किया जाएगा। चेतावनी दी कि जल्द शोषण बंद किया जाए और बिजली कटौती बंद की जाए अन्यथा व्यापार मंडल उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगा।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा के नेतृत्व में तमाम व्यापारी एकत्र होकर जुलूस की शक्ल में शाहबाद गेट बिजलीघर पहुंचे। व्यापारियों ने वहां पहुंचकर बिजली निगम अफसरों से बात करनी चाही तो वहां पर कोई भी अधिकारी नहीं मिला। जिस पर व्यापारियों का पारा चढ़ गया। संबंधित जेई को फोन करके बुलाया, तो वह नहीं आए, बल्कि किसी ओर अधिकारी को मौके पर भेज दिया। व्यापारियों ने कहा कि बाजार नसरूल्लाह खां में रोजमर्रा दो बजे से लेकर चार से पांच घंटे की कटौती की जा रही है।
अंधाधुंध कटौती से लोगों के इनवर्टर बैटरी खत्म हो जाते हैं, रात को बाजारों में अंधेरा छा जाता है जिससे ग्राहकों का आना बंद हो गया। जिस समय व्यापारियों की दुकानदारी का समय होता है, तो उस समय बाजारों में बिजली न होने से सन्नाटा छा जाता है। जो ग्राहक रात के समय बाजारों से खरीदारी करना चाहते हैं, वह लाइट नहीं होने की वजह से बाजारों में नहीं आ रहे हैं। जिससे व्यापार को बहुत बड़ा नुकसान पहुंच रहा है। सुबह से लेकर दोपहर तक कटौती शाम से लेकर रात तक कटौती का कोई फीडर का समय निर्धारित नहीं है। शाहबाद गेट बिजलीघर के अवर अभियंता व्यापारियों को फोन रिसीव नहीं कर रहे हैं, साथ ही नंबर भी ब्लाक लिस्ट में डाल दिए हैं। इन सभी समस्याओं को लेकर बिजली निगम के अफसरों ने व्यापारियों को आश्वासन दिया है कि दो दिन के अंदर ही बिजली व्यवस्था को दुरूस्त बनाया जाएगा।
व्यापारियों का शोषण बर्दाश्त नहीं करेंगे : शैलेंद्र
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा ने कहा कि बिजली विभाग पर मनमानी पर उतारू है। विभाग की ओर से अंधाधुंध कटौती की जा रही है। इसके अलावा छह पुरानी एफआईआर के नाम पर लोगों के साथ साथ व्यापारियों का शोषण किया जा रहा है। संबंधित जेई लोगों और व्यापारियों को फोन रिसीव नहीं कर रहे हैं। व्यापारियों के शोषण को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
घेराव करने वालों में यह रहे शामिल
शाहिद शमसी, शोएब मोहम्मद खान, अवतार सिंह, हारिस शमसी, बिलाल शमसी, जगन्नाथ चावला, मुकेश आर्य, प्रदीप खंडेलवाल, राम गुप्ता, सुफियान शमसी, दानिश शमसी, इमरान सलीम, उज़ैर अहमद शमसी, शाकेब अहमद शमसी, मुनीब शमशी, हारिस परवेज, तौसीफ खान, गुलशन अरोड़ा, हरीश अरोड़ा, हरमीत सिंह, मोहसिन खान, सउद शमसी, दानिश शमसी, वाजिद अली, चंद्र प्रकाश रस्तोगी, अनिल अरोड़ा, अजय अग्रवाल शामिल रहे।
