मुरादाबाद : पीआरवी चालक की वर्दी फाड़ी, कोतवाली में भी तोड़फोड़
मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। एक युवक ने पहले कॉल करके पीआरवी को बुलाया, उसके बाद देर से आने की बात कहते हुए पुलिसकर्मियों से भिड़ गया। इस दौरान उसने वैन के चालक की वर्दी पर थूक दिया। वर्दी फाड़ी और मारपीट भी की। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मी उसे गिरफ्तार कर कोतवाली ले गए तो उसने वहां …
मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। एक युवक ने पहले कॉल करके पीआरवी को बुलाया, उसके बाद देर से आने की बात कहते हुए पुलिसकर्मियों से भिड़ गया। इस दौरान उसने वैन के चालक की वर्दी पर थूक दिया। वर्दी फाड़ी और मारपीट भी की। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मी उसे गिरफ्तार कर कोतवाली ले गए तो उसने वहां भी तोड़फोड़ करते हुए हंगामा कर दिया। उसके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया गया है।
कोतवाली क्षेत्र में गांव दूल्हापुर निवासी ध्रुव चौहान पुत्र रघुवीर सिंह डायल 112 की पीआरवी पर चालक हैं। उनके अनुसार मंगलवार की शाम वह 7:45 बजे साथी पुलिसकर्मियों के साथ ड्यूटी चेंज कर रहे थे तभी उनके पर कॉल आई। कॉलर ने अपना नाम मुहल्ला ताली निवासी शुएब बताया। उसका कहना था कि वह सरकारी अस्पताल के पास खड़ा है। किसी ने उसके स्कूटर में तोड़फोड़ कर दी है।
इस पर ध्रुव साथी पुलिसकर्मी के साथ बताए गए स्थान ओर गाड़ी लेकर चल पड़े। आरोप है कि शुएब ने गाड़ी को रास्ते में ही रोक लिया। देर से आने की बात कहकर वह उनके साथ गाली गलौज करने लगा। गाली देने से मना किया तो आरोप है कि उसने वर्दी पर थूका फिर उसे फाड़ भी डाला। साथ ही उनके साथ मारपीट भी की व साथी पुलिसकर्मी के साथ भी अभद्रता की। सूचना पर कोतवाली से भी पुलिसकर्मी वहां पहुंच गए। वे आरोपी को लेकर कोतवाली पहुंचे तो उसने गेट पर ही हंगामा और गाली गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि उसने कार्यालय के दरवाजे और सूचना बोर्ड का शीशा भी तोड़ डाला। पुलिस ने चालक और आरोपी का सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया। ध्रुव की तहरीर पर उसके खिलाफ मारपीट करने, सरकारी काम में बाधा डालने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाली प्रभारी मोहित कुमार चौधरी ने बताया कि शोएब ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की है और चालक के साथ मारपीट भी की है। उसका चालान कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
