यूपी में बबुआ-बुआ और बहना की नहीं गलेगी दाल : अमित शाह
मुरादाबाद,अमृत विचार। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भीड़ जुड़ने के हर उपाय आजमाए। युवाओं को जिगर का टुकड़ा बोला और यहां की मिट्टी से जुड़ने के लिए रामगंगा को प्रणाम किया। देवी-देवताओं की स्तुति की और पीतल नगरी का बखान करने में जुट गए। कहा, यहां के पीतल की असल पहचान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ …
मुरादाबाद,अमृत विचार। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भीड़ जुड़ने के हर उपाय आजमाए। युवाओं को जिगर का टुकड़ा बोला और यहां की मिट्टी से जुड़ने के लिए रामगंगा को प्रणाम किया। देवी-देवताओं की स्तुति की और पीतल नगरी का बखान करने में जुट गए। कहा, यहां के पीतल की असल पहचान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिलवायी है। सरकार के एक जिला एक उत्पाद योजना ने यहां के पीतल की चमक बढ़ायी है।
गुरुवार को दिल्ली रोड स्थित बुद्धि विहार के मैदान में पार्टी की जन विश्वास रैली की भीड़ देख बोल पड़े, यहां तो मूंड ही मूंड दिख रहा है। यह यूपी की मेरी नौवीं सभा है, जिससे यह बात साफ हो गयी है कि यूपी में चौथी बार भाजपा जीतने वाली है। बोले, जीत की हमारी व्याख्या अलग है। इसका श्रेय देवतुल्य कार्यकर्ताओं को जाता हैं, जिनके बल पर फिर 300 पार का नारा चरितार्थ होने जा रहा है। वर्ष 2017 के चुनाव में मुरादाबाद के प्रदर्शन की चर्चा नहीं भूले। बोले, यहां हमें घाटा हुआ था। अबकी विधानसभा की सभी छह सीट जिता कर भेजना।
उधर, भीड़ नारों के मूंड में आ गयी थी, फिर शाह ने अपनी धारा बदल दी। सपा, बसपा पर हमलावर हो गए। बोले, बबुआ और बुआ ने 15 साल तक यूपी को लूटा है। पश्चिमी यूपी में पलायन की स्थिति आ गई थी। लेकिन, अब ऐसा कराने वाले खुद पलायन कर गए। यह हमारे योगी आदित्यनाथ की सरकार का करिश्मा है। शाह ने हाथी और साइकिल के शासन को भ्रष्टाचार से जोड़ा। कहा, दोनों दलों ने भ्रष्टाचार से नोटों का बोरा भरा। विकास सिर्फ भाजपा ने किया। इसके बाद केंद्रीय मंत्री सवाल- जवाब की मुद्रा में आ गए।
बोले, अखिलेश बाबू से पूछना चाहता हूं की उन्होंने विकास क्यों नहीं किया? कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर की नींव रखी है। लेकिन, तब (मुलायम सिंह यादव की ओर इशारा) की सरकार ने राम मंदिर के लिए आंदोलन करने वालों पर गोली चलवाई थी। कहा, कुछ ही महीनों में अयोध्या में रामलला का भव्य गगनचुंबी मंदिर बन जाएगा। उन्होंने निजाम (व्यवस्था) का हवाला देकर सपा, बसपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। बोले, एन का मतलब नसीरुद्दीन, आई का मतलब इमरान मसूद, एजे का मतलब आजम और एम का मतलब मुख्तार अंसारी।
चर्चा के दौरान शाह ने भीड़ से पूछ डाला है कि क्या ऐसा ही निजाम चाहिए था? अगर विकास चाहिए तो योगी और मोदी को ही चुनना होगा। उन्होंने मुरादाबाद वालों से छह सीटों की मदद मांगी। आजम खान पर किसानों की 1000 एकड़ जमीन हड़पने का आरोप मढ़ा। अखिलेश और आजम को निशाने पर रखा। कहा, जेल में बंद आजम से बार-बार मिलने कौन जाता है? भीड़ से आवाज आई अखिलेश यादव। फिर बोल पड़े तो क्या आप चाहते हो ऐसी सरकार बने, जो आजम को जेल से बाहर लाएं? फिर भीड़ उछल पड़ी और बोली नहीं।
गृह मंत्री ने कहा कि यह गन्ने का क्षेत्र है। अखिलेश को गन्ना किसानों की याद नहीं आती है। वह जिन्ना का नाम लेते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 90 प्रतिशत गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया है। 1.48 लाख करोड़ मूल्य भुगतान का रिकॉर्ड हमारी सरकार ने बनाया है। भीड़ से संवाद करके पूछा कि बहना का मतलब जानते हैं? कार्यकर्ता बोल पड़े, प्रियंका वाड्रा। शाह ने गहरी सांस लेते हुए कहा कि यूपी में बबुआ- बुआ और बहना तीनों मिलकर भी भाजपा का विजय रथ रोक नहीं सकते। यूपी में इनकी दाल नहीं गलने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया के सामने देश का मान बढ़ाया है।
कहा, पाकिस्तान में उरी में हमला किया, तो हमने 10 दिन के भीतर उसके घर में घुसकर मारा। कश्मीर से धारा 370 हटाई। जिसका कुछ लोगों ने विरोध किया। लेकिन, हम किसी से डरने वाले नहीं। दावा किया मोदी-योगी ही देश व प्रदेश को विकास के रास्ते पर चला सकते हैं। इसलिए सभी को एकजुट होकर यूपी में कमल खिलाना होगा। योगी जीतेंगे तो मोदी का हाथ मजबूत होगा।
