हल्द्वानी: प्रधानमंत्री मोदी को काले झंडे दिखाने की हसरत रह गई अधूरी, सपा, कांग्रेस और भीम आर्मी के कार्यकर्ता हिरासत में

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। पहली बार हल्द्वानी पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत को जहां भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला वहीं प्रधानमंत्री के दौरे का विरोध करने वाले भी कम नहीं थे। हालांकि पुलिस की सख्ती के आगे विरोध के सारे स्वर दब गए। हल्द्वानी में तीन स्थानों पर समाजवादी पार्टी, …

हल्द्वानी, अमृत विचार। पहली बार हल्द्वानी पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत को जहां भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला वहीं प्रधानमंत्री के दौरे का विरोध करने वाले भी कम नहीं थे। हालांकि पुलिस की सख्ती के आगे विरोध के सारे स्वर दब गए। हल्द्वानी में तीन स्थानों पर समाजवादी पार्टी, भीम आर्मी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे लेकर एमबी इंटर कॉलेज में पहुंचने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया और हिरासत में ले लिया।

सपा कार्यकर्ताओं को छतरी चौराहे पर रोका
सपा प्रदेश प्रमुख महासचिव शुएब अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ता बनभूलपुरा कार्यालय इकट्ठा हुए। यहां से वे जुलूस की शक्ल में हाथों में काले झंडे लेकर प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम स्थल एमबी इंटर कॉलेज की ओर निकले। जैसे ही वह छतरी चौराहे पर पहुंचे पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इससे गुस्साए सपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रधानमंत्री का विरोध करने जा रहे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेती पुलिस।

जिलाध्यक्ष डिंपल पांडे ने कहा कि विपक्ष को विरोध करने पर रोक लगाकर लोकतंत्र को कुचलने की साजिश की जा रही है इसे जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि खटारा डबल इंजन सरकार के मुद्दे विकास, महंगाई, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य नहीं होकर सिर्फ प्रचार-प्रसार रह गए हैं। इस दौरान उनकी पुलिस से धक्का मुक्की भी हुई। विरोध करने वालों में वरुण तिवारी, अख्तर अली, वसीम सिद्दीकी, अनम मलिक, मुशीर नवाब, नफीस चौधरी, उमेश राणा, सलमान, इकराम, प्रमोद बिष्ट, मो अनस, राजेश आर्या आदि शामिल थे।

पुतला फूंकने वाले भीम आर्मी कार्यकर्ता हिरासत में लिए
भीम आर्मी के महानगर अध्यक्ष विकास कुमार और विधान सभा अध्यक्ष मोनू के नेतृत्व में कार्यकर्ता बनभूलपुरा लाइन नंबर एक स्थित छतरी चौराहे पर इकट्ठा हुए। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का पुतला फूंकने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

प्रधानमंत्री का पूतला फूंकने निकले भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेती पुलिस।

गुस्साई भीम आर्मी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी के 2014 से शुरू हुए शासन से देश हर मोर्चे पर फेल हो रहा है। देश की अर्थव्यवस्था चौपट, बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, अपराध चरम पर है। वर्तमान में कोरोना का ‘ओमिक्रोन’ वैरिएंट देश में तेजी से पांव पसार रहा है और प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करवाने के बजाय देश में घूम-घूम कर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इस दौरान उनकी पुलिस से धक्का मुक्की हुई। बाद में पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इस दौरान सिराज अहमद, नफीस अहमद खान, रितिक कांत, हरीश लोधी, विशाल मसीह, मनीष गौतम, अन्नू कुमार, संदीप कुमार, अन्नू मलिक, शुभम पवार आदि मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को काले झंडे दिखाने की तैयारी कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।

राजपुरा में कांग्रेसियों को घरों में किया नजरबंद
युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष हेमंत साहू और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने राजपुरा स्थित आवास में गिरफ्तार कर लिया। गुस्साए लोगों ने घर पर ही प्रधानमंत्री व भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विक्रम रंधावा, किरन माहेश्वरी, सहिल राज, अनीता रंधावा, पीयूष आर्य, कमल आर्य, करन, चंचला, अविनाश, मुन्ना आर्य, ऐरिक मसीह, पंकज कश्यप, सचिन राठौर, कैलाश, अंकित बाल्मीकि, मोहित कश्यप आदि मौजूद थे।

वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम और आईएसबीटी जैसे मुद्दों को लेकर साथियों के साथ विरोध करने निकले पब्लिसिटी कमेटी के चेयरमैन सुमित ह्रदयेश को नैनीताल रोड पर हिरासत में लिया गया। हालांकि उन्हें और साथियों को हिरासत में लेने के लिए पुलिस को खासी जद्दोजहद करनी पड़ी।

संबंधित समाचार