बाजपुर: ऑनलाइन गेम के चक्कर में 10वीं के छात्र ने 1.60 लाख रुपये गंवाए
बाजपुर, अमृत विचार। ऑनलाइन ग्रुपिंग गेम्स के चक्कर में कक्षा-10 का छात्र अपने ही सहपाठियों से दो माह के अंदर करीब 1.60 लाख रुपये हार गया। घर से पैसे गायब हुए तो मामला खुला जिसके चलते छात्र के मामा की ओर से कोतवाली में तहरीर देकर भांजे के साथ पढ़ने वाले कुछ युवकों पर ब्लेकमेलिंग …
बाजपुर, अमृत विचार। ऑनलाइन ग्रुपिंग गेम्स के चक्कर में कक्षा-10 का छात्र अपने ही सहपाठियों से दो माह के अंदर करीब 1.60 लाख रुपये हार गया। घर से पैसे गायब हुए तो मामला खुला जिसके चलते छात्र के मामा की ओर से कोतवाली में तहरीर देकर भांजे के साथ पढ़ने वाले कुछ युवकों पर ब्लेकमेलिंग करते हुए मानसिक व आर्थिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस इस मामले में जांच में जुट गई है जिसके चलते गेम खेलने वाले इन छात्रों से उनके परिजनों के सामने ही पूछताछ की जा रही है।
नगरीय सीमा से सटे एक गांव निवासी व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर देकर कहा है कि 16 वर्षीय नाबालिग भांजा उनके घर पर रहता है, जोकि सहकारी चीनी मिल स्थित एक विद्यालय में कक्षा-दस का छात्र है। करीब दो माह से उसके साथ में पढ़ने वाले छात्रों के साथ ही कुछ अवारा लड़कों द्वारा भांजे को फ्री-फ्री गेम्स की आईडी दी गई और ऑनलाइन गेम्स खेलते हुए थोड़े-थोड़े करके दो माह के अंदर करीब एक लाख 60 हजार रुपये की रकम हड़प ली।
आरोप है कि इस गेम्स की आईडी के नाम पर ब्लैकमेलिंग कर भांजे को डरा-धमका कर अवैध रूप से रकम हासिल की गई है। तहरीर में यह आरोप भी लगाया गया है कि 28 दिसंबर को भी आरोपियों ने भांजे को सुनसान रास्ते में रोक उसके साथ मारपीट की। घटना से डरे-सहमे भांजे ने परिजनों के पूछे जाने पर इस बारे में जानकारी दी जिससे उनके पैरों तले की जमीन खिसक गई।
तहरीर में पूरे मामले की जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच प्रारंभ कर दी है और आरोपियों से उनके परिजनों के सामने पूछताछ की जा रही है। बताया जाता है कि आरोपियों ने गेम्स के जरिये पैसे जीतने की जानकारी दी है। वहीं समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ था। अलबत्ता दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौते के प्रयास जारी हैं।
