देहरादून: योजनाओं में विलंब को अटल व आडवाणी भी दोषी: हरीश
देहरादून, अमृत विचार। पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा है कि प्रधानमंत्री द्वारा हल्द्वानी में की गई अधिकतर घोषणाएं कांग्रेस नीत यूपीए सरकार की देन हैं। कर्णप्रयाग रेल योजना तथा चारधाम यात्रा मार्ग तो कांग्रेस की सरकार द्वारा आरम्भ की गई राष्ट्रीय योजनाएं हैं। इन पर राष्ट्रीय सहमति …
देहरादून, अमृत विचार। पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा है कि प्रधानमंत्री द्वारा हल्द्वानी में की गई अधिकतर घोषणाएं कांग्रेस नीत यूपीए सरकार की देन हैं। कर्णप्रयाग रेल योजना तथा चारधाम यात्रा मार्ग तो कांग्रेस की सरकार द्वारा आरम्भ की गई राष्ट्रीय योजनाएं हैं।
इन पर राष्ट्रीय सहमति व बजट स्वीकृति कांग्रेस सरकार की ही देन हैं। लखवाड़ परियोजना को भी उन्होंने कांग्रेस सरकार द्वारा आरम्भ की गई योजना बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का यह कहना कि योजनाओं के विलंब के लिए कांग्रेस दोषी है तो इसमें देरी के लिए अटल जी व आडवानी जी को भी दोष दिया जाना चाहिए। उन्होंने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि पांच वर्ष तक सोने वाली सरकारों को चुनाव के मौके पर इन योजनाओं की याद आना जनता समझती है।
उन्होंने कहा कि हल्द्वानी को दो हजार करोड़ की सौगात की घोषणा करने के बाद योजनाओं का जिक्र न करना भी आश्चर्यजनक है। शुक्रवार को राज्य कैबिनेट के निर्णय पर भी पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने टिप्पणी की। रावत ने पेंशन बढ़ाने को नाकाफी बताते हुए कहा कि हम सरकार आते ही तमाम सामाजिक सुरक्षा के तहत इन सभी पेंशन योजनाओं की धनराशि को डेढ़ हजार और दो हजार रुपये तक ले जायेंगे।
पेंशनधारकों पर मंत्री के बयान से सबसे ज्यादा मैं आहत
देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा, कैबिनेट मंत्री को पेंशनधारियों पर दिए गए बयान को लेकर क्षमा मांगनी चाहिए। रावत ने कहा इस बयान से सबसे अधिक आहत मैं ही हुआ हूं क्योंकि मेरे कार्यकाल में ही 18 पेंशन योजनाओं से लाखों लोगों को जोड़ा गया था।
सत्ता में आने पर प्राथमिकता से हल होंगी कर्मचारियों की समस्याएं : गोदियाल
देहरादून। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर आजीविका योजना बंद करने, 400 कर्मचारियों को दो माह से वेतन न मिलने के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। गोदियाल ने कहा कि पुलिस कर्मियों के ग्रेड पे, राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण, पीआरडी जवानों, कर्मचारियों, संविदा कर्मियों, राजस्व निरीक्षक, उपनिरीक्षकों की समस्याओं पर भाजपा सरकार ने संज्ञान नहीं लिया। इसके चलते उन्हें आन्दोलन के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर किया। गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार सत्ता में आने पर इन कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने का काम करेगी।
राज्यवासियों के खुशहाली को कांग्रेस भवन में आज सुंदरकांड
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि साल के पहले दिन शनिवार को महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पेंशनधारियों पर मंत्री के बयान के विरोध में कांग्रेसजन गांधी प्रतिमा के सामने धरने पर बैठेंगे। वहीं राज्यवासियों की खुशहाली के लिए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पूर्वाह्न 11 बजे से सुन्दरकांड का पाठ किया जायेगा।
