हल्द्वानी: पुन: बहाली न होने पर संविदा शिक्षकों में आक्रोश
हल्द्वानी, अमृत विचार। राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेजों में पुन: बहाली का शासनादेश जारी न होने से संविदा शिक्षकों में नाराजगी है। उत्तराखंड पॉलीटेक्निक संविदा शिक्षक एसोसिएशन ने शासन को दो दिन की मोहलत देते हुए कहा कि यदि तीन जनवरी तक संविदा शिक्षकों की बहाली न हुई तो देहरादून सीएम कार्यालय के बाहर मौन उपवास शुरू …
हल्द्वानी, अमृत विचार। राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेजों में पुन: बहाली का शासनादेश जारी न होने से संविदा शिक्षकों में नाराजगी है। उत्तराखंड पॉलीटेक्निक संविदा शिक्षक एसोसिएशन ने शासन को दो दिन की मोहलत देते हुए कहा कि यदि तीन जनवरी तक संविदा शिक्षकों की बहाली न हुई तो देहरादून सीएम कार्यालय के बाहर मौन उपवास शुरू कर दिया जाएगा।
संविदा शिक्षकों ने कहा कि सीएम धामी कैबिनेट में दो बार संविदा शिक्षकों की पुन: बहाली का प्रस्ताव पारित हो चुका है, लेकिन शासन स्तर से अब तक संबंधित शासनादेश जारी नहीं किया गया है।
सीएम ने राज्य में प्रत्येक जिले के भ्रमण के दौरान संविदा शिक्षकों को बहाली का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद जीओ जारी नहीं हुआ। अफसरों से वार्ता करने पर बताया जा रहा है कि वर्तमान में उत्तराखंड के पॉलीटेक्निक कॉलेजों में संविदा शिक्षकों के लिए कोई पद ही नहीं हैं। जबकि, कई कॉलेज शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं।
आरोप लगाया कि शासन में बैठे अफसर केवल संविदा शिक्षकों को ही नहीं, बल्कि सीएम को भी गुमराह कर रहे हैं। पुन: बहाली की मांग करने वालों में एसोसिएशन के अध्यक्ष भरत पाल सिंह, सचिव नरेश पाठक, खगेंद्र अवस्थी, उपाध्यक्ष दीपक पंत, संदीप घुनियाल, कोषाध्यक्ष मीनाक्षी खनी, थीमा आर्य, सहसचिव अनूप सिंह, हिमानी साह शामिल हैं।
