मुरादाबाद : पहले दिन 1014 किशोरों को लगा कोरोना रोधी टीका
मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणानुसार सोमवार से जिले में 15-17 वर्ष के किशोरों का टीकाकरण शुरू हुआ। पहले दिन शहर के आठ सहित 24 बूथों पर किशोरों का टीकाकरण किया गया। कोरोना से बचाव के लिए टीका लगवाने में किशोरों में उत्सुकता रही। जिला मुख्यालय पर महिला अस्पताल, रेलवे अस्पताल में बने …
मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणानुसार सोमवार से जिले में 15-17 वर्ष के किशोरों का टीकाकरण शुरू हुआ। पहले दिन शहर के आठ सहित 24 बूथों पर किशोरों का टीकाकरण किया गया। कोरोना से बचाव के लिए टीका लगवाने में किशोरों में उत्सुकता रही। जिला मुख्यालय पर महिला अस्पताल, रेलवे अस्पताल में बने बूथ पर किशोरों को टीका लगाने के लिए स्वास्थ्यकर्मी जुटे।
सुबह से दोपहर बूथों पर टीकाकरण कराने वाले किशोरों की संख्या जुटी रही। हालांकि दोपहर बाद संख्या कम होने लगी। शहर में महिला अस्पताल, रेलवे अस्पताल के अलावा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोठीवाल नगर, नया गांव, बंगला गांव, कटघर, गुलाब बड़ी, मझोला पर किशोरों को टीका लगाया गया। केंद्रों पर पंजीकरण के समय इनका आधार कार्ड, पैन कार्ड या स्कूल से जारी परिचय पत्र में से कोई एक पहचान देखकर टीके लगाए गए।
टीका लगा रहे कर्मियों से किशोरों ने टीके के प्रभाव के बारे में जानकारी ली। टीका लगवाने के बाद इन्हें बुखार होने पर पैरासिटामाल लेने की सलाह कर्मियों ने दी। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में भोजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बुढ़हनपुर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बिलारी में सीएचसी और कुढफतेहगढ़, डिलारी ब्लॉक में अलियाबाद व शंकर विश्नोई, सीएचसी कांठ, कोठी, ताजपुर में पाकबड़ा पर टीका लगा।
अगवानपुर, मूंढापांडे सीएचसी व दलपतपुर और ठाकुरद्वारा ब्लॉक में शरीफनगर और ठाकुरद्वारा स्वास्थ्य केंद्र पर बने बूथ पर टीका लगाया गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपक वर्मा ने बताया कि 15-17 वर्ष के 1014 किशोरों को पहले दिन केद्रों पर कोवैक्सीन की डोज दी गई है। अन्य दिनों में भी केंद्रों पर टीके लगेंगे। अन्य बूथों पर पहले की तरह 18 व उससे ऊपर के आयु वालों का टीकाकरण चलता रहेगा।
किशोरों को केंद्रवार लगा टीका
15-17 वर्ष के किशोरों को लगे टीकाकरण की बात केंद्रवार करें तो भोजपुर में 53, बिलारी में 120, डिलारी-106 को टीका लगा। कांठ-102, कुंदरकी-21, मूढांपाडे-30, ताजपुर-101, ठाकुरद्वारा स्वास्थ्य केंद्र पर 91 और मुरादाबाद शहर में आठ केंद्रों पर 390 किशोरों को कोविडरोधी टीके लगे।
अन्य केंद्रों पर 18 व उससे ऊपर वालों का टीकाकरण
किशोरों के लिए बने बूथ के अलावा जिले में 224 बूथों पर 18 वर्ष और उससे ऊपर के उम्र वालों को कोविडरोधी टीके की पहली व दूसरी डोज लगाई गई। इसके आधार पर सोमवार को जिले में कुल 14069 लोगों को कोविड का टीका लगाया गया।
