रामपुर: अवैध खनन कर रहे माफिया अधिकारियों को देखते ही भागे, एक पकड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मसवासी/रामपुर/अमृत विचार। उत्तराखंड के काशीपुर तहसील के बार्डर से सटी विवादित आराजी को भी खनन माफिया व स्टोन क्रशर संचालक ने खोद डाला और मिट्टी उठा ली। यह खबर अमृत विचार में छपते ही अफसरों में खलबली मच गई, मौके पर खनन अधिकारी और नायब तहसीलदार पहुंच गए। खनन में लगे एक ट्रैक्टर चालक को …

मसवासी/रामपुर/अमृत विचार। उत्तराखंड के काशीपुर तहसील के बार्डर से सटी विवादित आराजी को भी खनन माफिया व स्टोन क्रशर संचालक ने खोद डाला और मिट्टी उठा ली। यह खबर अमृत विचार में छपते ही अफसरों में खलबली मच गई, मौके पर खनन अधिकारी और नायब तहसीलदार पहुंच गए। खनन में लगे एक ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। वहीं पुलिस से मिट्टी उठाने वालों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने को कहा है।

पूर्व प्रधान हाजी आले हसन के पुत्र अब्दुल्ला ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर शिकायत की थी की विवादित 60 एकड़ भूमि पर सिद्धबली स्टोन क्रेशर के मालिक अवैध खनन कर रहे हैं। उसमें ट्रैक्टर डंपर और ट्रैक्टर ट्राली अवैध खनन एकत्र कर स्टोन क्रेशर पर सप्लाई किया जा रहा है। मंगलवार को नायब तहसीलदार शरद कुमार खनन अधिकारी राजकुमार संगम पट्टी कला के कोसी नदी क्षेत्र पहुंचे और काशीपुर बॉर्डर क्षेत्र पर स्थित विवादित आराजी का निरीक्षण किया। उसमें खनन होते पाया गया लेकिन नायब तहसीलदार ने बताया कि खनन करने के लिए अभी सिर्फ मिट्टी हटाई गई है।

मौके पर गहरे गहरे गड्ढे जमीन पर पाए गए हैं। जिससे साबित होता है की भूमि से लगातार अवैध खनन हो रहा है। नायब तहसीलदार और खनन अधिकारी निरीक्षण स्थल से कुछ ही दूरी पर ट्रैक्टर चलते हुए पाया जिसे राजस्व अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान ट्रैक्टर चालक नायब तहसीलदार को देखकर भागने में सफल हो गए। नायब तहसीलदार ने मौके पर पुलिस बल बुलाकर ट्रैक्टर को पुलिस के हवाले कर दिया है। लेकिन पुलिस ने अभी ट्रैक्टर के खिलाफ सीज कार्रवाई नहीं की है।

पोकलेन मशीन से हो रहा कोसी नदी क्षेत्र में अवैध खनन
मसवासी। पुलिस और राजस्व टीम ने पट्टी कला कोसी नदी क्षेत्र में संयुक्त रूप से छापेमारी कार्रवाई कर एक ट्रैक्टर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। कोसी नदी क्षेत्र में अवैध खनन थमने का नाम नहीं ले रहा है पोकलेन मशीन से अवैध खनन किया जा रहा है। मंगलवार की शाम तहसीलदार अवनीश कुमार और चौकी इंचार्ज कोमल सिंह दल बल के साथ पट्टी कलां कोसी नदी पहुंचे राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को देखकर खनन धंधेबाज में हड़कंप मच गया। खनन धंधेबाज अपने वाहनों को लेकर भागने में सफल रहे।इस दौरान कोसी नदी क्षेत्र से एक ट्रैक्टर निकल कर जा रहा था राजस्व कर्मियों ने ट्रैक्टर को रोक लिया। ट्रैक्टर चालक कूदकर भागने में सफल हो गया। पुलिस और राजस्व प्रशासन ट्रैक्टर को अपने साथ मसवासी चौकी ले आया। ट्रैक्टर के खिलाफ सीज कार्रवाई की गई है। खनन के धंधेबाज अपने वाहनों को उत्तराखंड की सीमा में लेकर फरार हो गए। उधर चौहद्दी और पट्टी कला क्षेत्र में कई स्थानों पर जेसीबी और पोकलेन मशीन से अवैध खनन किया जा रहा है जिसे रोकने में प्रशासन नाकाम है।

अवैध खनन रोकने के लिए राजस्व टीम को लगातार निर्देशित किया जा रहा है। -सचिन राजपूत स्वार एसडीएम

विवादित आराजी पर मिट्टी किसी ने उठाई है, खनन अभी नहीं किया है, जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। -राजकुमार संगम खनन अधिकारी

संबंधित समाचार