संगठित अपराध की जड़ से होगी सफाई, अमृत विचार से विशेष बातचीत में नव पदस्थापित एडीजीपी ने बताई अपनी प्राथमिकताएं
लखनऊ। लखनऊ जोन के माफियाओं और संगठित गिरोहों से जुड़े अपराधियों के लिए लखनऊ जोन के नये एडीजीपी बृजभूषण बड़ी मुसीबत बन सकते हैं। उन्होंने लखनऊ जोन से संगठित अपराध का जड़ से सफाया करने की घोषणा कर माफियाओं को खुली चुनाैती दे दी है। मंगलवार को अमृत विचार से विशेष बातचीत में एडीजीपी बृजभूषण …
लखनऊ। लखनऊ जोन के माफियाओं और संगठित गिरोहों से जुड़े अपराधियों के लिए लखनऊ जोन के नये एडीजीपी बृजभूषण बड़ी मुसीबत बन सकते हैं। उन्होंने लखनऊ जोन से संगठित अपराध का जड़ से सफाया करने की घोषणा कर माफियाओं को खुली चुनाैती दे दी है। मंगलवार को अमृत विचार से विशेष बातचीत में एडीजीपी बृजभूषण शर्मा ने विभिन्न मुद्दों पर अपनी प्राथमिकताएं व आगामी कार्य योजनाएं साझा की।
प्रश्न : संगठित अपराध के मामले लखनऊ में तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके लिए पुलिस की अग्रिम योजना क्या होगी?
उत्तर : संगठित अपराध के खिलाफ विशेष योजना तैयार की जायेगी। माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश बढ़ाई जायेगी।
प्रश्न : चुनाव सर पर हैं, ऐसे में विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस की क्या भूमिका होगी?
उत्तर : चुनाव से ठीक पूर्व ट्रांसफर राजधानी में किया गया है। ऐसे में शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव को संपन्न कराना, विधि व्यवस्था बनाये रखना, मतदाताओं को सकुशल बूथ तक पहुंचने की व्यवस्था करना, आचार संहिता का अनुपालन कराना, बूथ पर शांति व्यवस्था कायम रखना बड़ी प्राथमिकताएं होंगी।
प्रश्न : पुलिस के रिस्पांस टाइम व व्यवहार को बेहतर करने की दिशा में क्या निर्णय लिये जायेंगे?
उत्तर : जनता व पुलिस के बीच मित्रवर व्यवहार स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। जनता से बदसलूकी करने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। दर्ज अपराध के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के लिए सिपाही से लेकर अफसरों तक जिम्मेदारी तय होगी। रिस्पांस टाइम बेतहर करने के लिए 112 नंबर सेवा को और तकनीकि रूप से बेहतर किया जाएगा और इसकी कड़ी मॉनिटरिंग भी होगी।
प्रश्न : गत दिनों महिलाओं के साथ छेड़खानी व अपराध के मामले बढ़े हैं, इस दिशा में पुलिस की क्या भूमिका होगी?
उत्तर : लखनऊ में पूर्व से ही मिशन शक्ति को शुरू किया जा चुका है। 1090 नंबर सेवा को और सरल व उपयोगी बनाने पर जोर होगा।
प्रश्न : कोविड के बढ़ते मामलों को लेकर नाइट कर्फ्यू घोषित है, गाइडलाइन फॉलो कराने के लिए आगे पुलिस की क्या कार्रवाई होगी?
उत्तर : आम जनता से अपील है कि कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए कोविड गाइडलाइंस का कड़ाई से अनुपालन करें। मास्क उपयोग, सोशल डिस्टेंसिंग, नाइट कर्फ्यू व सरकार की ओर से जारी की जाने वाली गाइडलाइंस का जिम्मेदार नागरिक की तरह अनुसरण करें और पुलिस को शांति व्यवस्था कायम रखने में सहयोग करें।
मुख्तार अंसारी गैंग पर कार्रवाई कर सुर्खियों में आये थे एडीजी बृजभूषण
सीनियर आईपीएस बृजभूषण शर्मा ने वर्ष 2019 में वाराणसी एडीजी के पद पर रहते हुए कुख्यात माफिया मुख्तार अंसारी के वर्चसव को जमींदोज कर दिया। मुख्तार के होटल गजल को गिराने, उसकी पसंदीदा ऑडी कार को सीज करने, बूचड़खानों और कई इमारतों को मिट्टी में मिलाने जैसी कई कार्रवाई की। पूरे पूर्वांचल में स्लाॅटर हाउस, मछली व सरकारी ठेके, कोयला कारोबार से मुख्तार अंसारी व उसके गुर्गों के वर्चस्व को खत्म किया। इसके अलावा कुख्यात कुटू सिंह गैंग को भी लगभग समाप्त करने का श्रेय एडीजी बृजभूषण को ही दिया जाता है।
यह भी पढ़ें:-पत्रकार बताकर लोगों को हनी ट्रैप करता था गोलू शर्मा, ऐसे हुआ खुलासा
