मिशन 2022: सभी 403 विधानसभा सीटों पर भाजपा चलाएगी लाभार्थी संपर्क अभियान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव में दोबारा सत्ता हासिल करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। विपक्षी पार्टियों द्वारा भाजपा सरकार में कोई काम न किए जाने के आरोप का जवाब देने के लिए भाजपा एक लाभार्थी संपर्क अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत भाजपा …

लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव में दोबारा सत्ता हासिल करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। विपक्षी पार्टियों द्वारा भाजपा सरकार में कोई काम न किए जाने के आरोप का जवाब देने के लिए भाजपा एक लाभार्थी संपर्क अभियान शुरू करने जा रही है।

इस अभियान के तहत भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पाए लाभार्थियों के दरवाजे तक योगी सरकार के मंत्री, विधायक, सांसद और सभी बड़े पदाधिकारी जाएंगे। यह पदाधिकारी इन लाभार्थियों के साथ सेल्फी खिंचा कर इसे प्रचारित भी करेंगे। साथ ही इन लाभार्थियों से संवाद कर भाजपा को वोट करने की अपील करेंगे। पार्टी की रणनीति ऐसे 6 करोड़ 50 हज़ार लाभार्थियों तक पहुंच कर उनको अपने पाले में करना है।

इस अभियान को लाभार्थी संपर्क अभियान नाम से 04 जनवरी से शुरू किया जाना था लेकिन कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए इसे एक सप्ताह आगे बढ़ा दिया गया है। अब यह अभियान आगामी 11 जनवरी से शुरू किया जायेगा। अभियान के तहत पार्टी के नेता लाभार्थियों के चंदन, कुमकुम और स्टिकर लगा के उनको भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील करेंगे। पार्टी ने लाभार्थी संपर्क अभियान के माध्यम से यूपी की सभी 403 विधान सभा सीटों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है। पार्टी की रणनीति है कि लाभार्थियों से व्यक्तिगत मुलाकात व संवाद से जहां एक ओर लाभार्थी को भाजपा के पाले में किया जा सकता है तो वहीं विपक्षी के आरोपों का भी माकूल जवाब दिया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें:-बरेली में मैराथन दुर्घटना पर कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी गैर जिम्मेदाराना : गीता शाक्य

संबंधित समाचार