मुरादाबाद में दौड़ीं चार इलेक्ट्रिक AC बसें, सीएम ने किया वर्चुअल लोकार्पण
मुरादाबाद, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी मुरादाबाद के लोगों के लिए मंगलवार का दिन एक नई शुरुआत लेकर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों वर्चुअल लोकार्पण के बाद जहां मुरादाबाद की सड़कों पर पहली बार इलेक्ट्रिक बसें दौड़ीं। वहीं स्मार्ट सिटी मिशन की मुरादाबाद नगर निगम क्षेत्र की एक अरब 11 करोड़ से अधिक की योजनाओं …
मुरादाबाद, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी मुरादाबाद के लोगों के लिए मंगलवार का दिन एक नई शुरुआत लेकर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों वर्चुअल लोकार्पण के बाद जहां मुरादाबाद की सड़कों पर पहली बार इलेक्ट्रिक बसें दौड़ीं। वहीं स्मार्ट सिटी मिशन की मुरादाबाद नगर निगम क्षेत्र की एक अरब 11 करोड़ से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास मुख्यमंत्री ने कर शहर वासियों की झोली में खुशियां डाल दीं।
पंचायत भवन सभागार में नगर विकास विभाग की योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से लोगों से रुबरु हुए। लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद सहित सात शहरों में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को बटन दबाकर शुरू किया। इसके बाद उन्होंने नगर निगमों व निकायों में नगर विकास विभाग की 3800 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास बारी-बारी से किया।
इस क्रम में मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद में भी इलेक्ट्रिक बसों को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया। साथ ही 32.53 करोड़ की छह परियोजनाओं का लोकार्पण और 76.98 करोड़ लागत की आठ परियोजनाओं की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि निकाय संसाधनों को विकसित कर आत्मनिर्भर बनें, प्रदेश सरकार इसके लिए संकल्पित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी को मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तर प्रदेश को आर्थिक रूप से समर्थ, सक्षम और सशक्त बनाने के लिए कार्य करना है।
हमें प्रधानमंत्री के उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डालर की आर्थिक शक्ति बनने के सपने को साकार करना है। इसमें निकायों खासकर नगर निगमों की विशेष भूमिका है। जनप्रतिनिधि और अधिकारी इसे मिलकर पूरा करें। जिससे नागरिकों को स्मार्ट और जनपयोगी सेवा मिलने में कहीं से धन की कमी आड़े न आए। प्रदेश अपने संसाधन से ही बड़ी परियोजनाओं को लागू कर सके।
मुख्यमंत्री का संबोधन समाप्त होने के बाद चार वातानुकूलित बसों को मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, विधान परिषद सदस्य जयपाल सिंह व्यस्त, प्रदेश के बाल संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विशेष गुप्ता, एमएलसी गोपाल अंजान, एससी-एसटी आयोग की सदस्य साध्वी गीता प्रधान, नगर आयुक्त संजय चौहान ने इलेक्ट्रिक बसों को उनके रूट के अनुसार रवाना किया। इसमें बैठे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व आम नागरिकों के चेहरे पर खुशी की चमक दिखी।
कार्यक्रम का संचालन संजीव आकांक्षी ने किया। आयोजन में नगर विधायक रितेश गुप्ता, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य गिरीश वर्मा, स्मार्ट सिटी मिशन के प्रोजेक्ट मैनेजर राजीव कुमार गुप्ता, अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह, स्मार्ट सिटी मिशन के नोडल व नगर निगम के वित्त एवं लेखाधिकारी टीएन मिश्र, नगर निगम के पर्यावरण अभियंता राजीव कुमार राठी के अलावा वार्डों के पार्षद व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
