मुरादाबाद : पासिंग आउट परेड के बाद 1331 सिपाही यूपी पुलिस में शामिल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रदेश की कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यूपी पुलिस को राहत मिली है। पासिंग आउट परेड के बाद 1331 सिपाही यूपी पुलिस में शामिल हो गए हैं। जिसमें 732 महिला आरक्षी है। पीएसी की तीनों वाहिनियों के अलावा पुलिस लाइन, पीटीसी और पीटीएस में हुई दीक्षांत परेड में सभी को …

मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रदेश की कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यूपी पुलिस को राहत मिली है। पासिंग आउट परेड के बाद 1331 सिपाही यूपी पुलिस में शामिल हो गए हैं। जिसमें 732 महिला आरक्षी है। पीएसी की तीनों वाहिनियों के अलावा पुलिस लाइन, पीटीसी और पीटीएस में हुई दीक्षांत परेड में सभी को अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर सर्वांग सर्वोत्तम को प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं पासिंग आउट परेड के बाद शासन ने सभी सिपाहियों को पश्चिमी यूपी के अलग-अलग जिलों की पुलिस लाइन में भेजने के आदेश कर दिए हैं।

करीब छह माह के प्रशिक्षण के बाद बुधवार को नवीं, 23वीं, 24वीं वाहिनी के साथ ही पुलिस लाइन, पुलिस ट्रेनिंग कालेज और पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। सबसे पहले 24 वाहिनी में हुई पासिंग आउट परेड में सेनानायक अतुल शर्मा ने परेड की सलामी ली। परेड में 150 सिपाहियों ने हिस्सा लिया। जिसमें मुजफ्फरनगर जिले के गोराथला थाना क्षेत्र के ग्राम मुहम्मदपुर निवासी अमित कुमार बालियान को सर्वांग सर्वोत्तम चुना गया। इसके बाद 23 वाहिनी में हुई परेड में भी सेनानायक अतुल शर्मा ने सलामी ली।

इसमें 196 सिपाहियों ने अनुशासन की शपथ ली। यहां पर मथुरा जिले के थाना महावन निवासी दीपक कुमार को सर्वांग सर्वोत्तम चुना गया। फिर नवीं वाहिनी में हुई पासिंग आउट परेड में 141 महिला आरक्षी शामिल हुई। परेड की सलामी सेनानायक ख्याति गर्ग ने ली। यहां पर शामली जिले के कस्बा ओम निवासी दिशा कादियान सर्वांग सर्वोत्तम चुनी गई। पुलिस लाइन में हुई परेड में सलामी मुख्य अतिथि डीआईजी शलथ माथुर ने ली।

परेड में 253 पुलिस कर्मी शामिल हुए। जिसमें मेरठ जिले के ग्राम देदवा निवासी श्रीकांत को सर्वांग सर्वोत्तम चुना गया। वहीं पीटीसी में सलामी एसपी राममूरत ने ली। यहां पर प्रशिक्षण लेने वाली 253 महिला आरक्षियों में सहारनपुर की शिखा को सर्वांग सर्वोत्तम चुना गया। जबकि पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में 337 महिला आरक्षी पासिंग आउट परेड में शामिल हुई। परेड की सलामी पुलिस अकादमी की डीआईजी पूनम श्रीवास्तव ने ली। यहां पर बागपत जिले के बड़ौत थाना क्षेत्र के ग्राम लुहारी निवासी हिमांशी दांगी को सर्वांग सर्वोत्तम चुना गया।

संबंधित समाचार