हल्द्वानी: सड़क नहीं बनी तो सेलालेख के ग्रामीण करेंगे विधानसभा चुनाव का बहिष्कार
हल्द्वानी, अमृत विचार। लंबे समय से गांव की सड़क न बनने से परेशान पहाड़पानी क्षेत्र के सेलालेख गांव के लोगों ने अब विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने का एलान किया है। ग्रामीणों ने दो टूक कहा है कि अगर आचार संहिता लगने से पहले जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गांव की सुध नहीं ली तो आगामी …
हल्द्वानी, अमृत विचार। लंबे समय से गांव की सड़क न बनने से परेशान पहाड़पानी क्षेत्र के सेलालेख गांव के लोगों ने अब विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने का एलान किया है। ग्रामीणों ने दो टूक कहा है कि अगर आचार संहिता लगने से पहले जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गांव की सुध नहीं ली तो आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। क्षेत्र के लोगों ने सामाजिक कार्यकर्ता हेमा मेलकानी के नेतृत्व में अपर जिलाधिकारी अशोक जोशी को ज्ञापन सौंपा। अपर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्या को शासन तक पहुंचाने का भरोसा दिया है।
सामाजिक कार्यकर्ता हेमा मेलकानी ने बताया कि लंबे समय से गांव के लोग सड़क की मांग कर रहे हैं। ग्राम प्रधान से लेकर बीडीसी, जिला पंचायत सदस्य और विधायक राम सिंह कैड़ा तक को अवगत कराया जा चुका है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि गांव में करीब 250 परिवार रहते हैं। सड़क के अभाव में गर्भवती महिलाओं को समय से इलाज नहीं मिल पाता, जिससे गर्भपात जैसी पीड़ा से जूझना पड़ता है। बुजुर्गों और बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ती है लेकिन जिम्मेदार सुध लेने को तैयार ही नहीं है।
उन्होंने कहा कि अगर आचार संहिता लगने से पहले गांव की सड़क नहीं बनी तो ग्रामीण विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर साथी हाथ बढ़ाना सेवा समिति की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, शेखर जोशी, तारादत्त मेलकानी, हरीश चंद्र मेलकानी, जीवन कोटली, भुवन चंद्र मेलकानी, मोहन चंद्र मेलकानी, बिपीन मेलकानी, दान सिंह क्वैराली, मोहित क्वैराली, रोहित क्वेराली ,गोपाल सिंह क्वैराली आदि रहे।
