झांसी में कोहरे के कहर और ठिठुरन भरी सर्द हवाओं में जिंदगी हुई जाम
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में शुक्रवार की सुबह कोहरे की चादर में लिपटी हुई रही। वहीं, घने कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लग गया है। यहां लगातार दो दिन से कभी रुक-रुककर तो कभी मध्यम से तेज बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि ने आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित किया …
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में शुक्रवार की सुबह कोहरे की चादर में लिपटी हुई रही। वहीं, घने कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लग गया है। यहां लगातार दो दिन से कभी रुक-रुककर तो कभी मध्यम से तेज बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि ने आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित किया है।
इसी क्रम में आज सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता न के बराबर रहने से वाहन रेंगते हुए नजर आये तो नगर में भी लोग घरों में दुबके रहे। गुरुवार आधी रात से ही कोहरे ने कहर दिखाना शुरू किया है। जिसका प्रभाव सुबह साफ नजर आया। पिछले दो दिनों से जनपद में जमकर बारिश हुई बड़गांव, बबीना और चिरगांव विकासखंड के दर्जनों गांव में कहीं तेज बारिश तो कहीं ओलावृष्टि ने आम जनजीवन को प्रभावित किया।
साथ ही फसलें भी बर्बाद हो गई। ओलावृष्टि से ठंड की ठिठुरन में खासी बढ़ोतरी देखने को मिली। गुरुवार के पूरे दिन रहकर पानी बरसता रहा और धुंध छाई रही। जैसे-जैसे समय बीतता गया कोहरे का प्रभाव कम होता दिखाई दिया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक भगवान भास्कर के दर्शन लोगों को दुर्लभ दिखाई दे रहे थे।
पढ़ें: अंशिका यादव के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करके जेल भेजा जाए : डॉ. इमरान
ऐसा प्रतीत हुआ कि आज भी आसमान में सूर्य चमकता दिखाई नहीं देगा। मौसम विभाग के अनुसार आसमान में तो बादल छाए रहेंगे और बारिश के भी आसार है। फिलहाल यह क्रम सप्ताहभर तक चलते रहने की संभावना जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: सरकार शिक्षितों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए वचनबद्ध: सीएम योगी
