हल्द्वानी: पिछले 7 दिनों से पानी न आने से नाराज लोगों का चढ़ा पारा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। सात दिनों से पानी नहीं आने के चलते जगदंबा नगर, प्रगति विहार, वाल्मीकि कॉलोनी, जयदुर्गा कॉलोनी के निवासियों ने नलकूप के बाहर सड़क पर बैठकर धरना प्रदर्शन किया। गुस्साये लोगों ने दो घंटे के लिए सड़क जाम कर दी। इस बीच रास्ते से गुजर रही एसपी सिटी की गाड़ी को भी प्रदर्शनकारियों …

हल्द्वानी, अमृत विचार। सात दिनों से पानी नहीं आने के चलते जगदंबा नगर, प्रगति विहार, वाल्मीकि कॉलोनी, जयदुर्गा कॉलोनी के निवासियों ने नलकूप के बाहर सड़क पर बैठकर धरना प्रदर्शन किया। गुस्साये लोगों ने दो घंटे के लिए सड़क जाम कर दी। इस बीच रास्ते से गुजर रही एसपी सिटी की गाड़ी को भी प्रदर्शनकारियों ने रोक लिया।

जल संस्थान की उदासीनता का खामियाजा जगदंबा नगर को भुगतना पड़ रहा है। पिछले सात दिनों से क्षेत्र में पेयजल संकट गहराया हुआ है। लेकिन जल संस्थान केवल टैंकरों से पानी की व्यवस्था कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहा है। शनिवार को लोगों ने जल संस्थान के खिलाफ सड़क पर जाम लगाकर जमकर नारेबाजी की।

इसके चलते सड़क पर दोनों ओर जाम की स्थिति बन गई। लोगों में इतना आक्रोश था कि प्रदर्शनकारियों ने किसी को भी रास्ते से नहीं जाने दिया। इस दौरान अचानक रास्ते से गुजर रहे एसपी सिटी हरबंस सिंह के वाहन को भी रोक लिया गया। एसपी सिटी ने लोगों को समझाने का प्रयास किया तो वह नहीं माने।

इसके बाद एसपी सिटी ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संजय श्रीवास्तव को फोन किया। दो घंटे बाद क्षेत्र के जेई अमित आर्या मौके पर पहुंचे और लोगों को उनकी मांग पूरी करने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने जाम खोला। प्रदर्शन करने वालों में सौरभ भट्ट, दामोदर महतोलिया, खष्टी दत्त जोशी, ऊर्वा दत्त भट्ट, श्रीकृष्ण भट्ट, पान सिंह नेगी, दीवान सिंह बिष्ट, समीर नेगी, प्रताप सिंह बिष्ट, कैलाश चन्द्र कांडपाल, हरिदत्त पांडे, दुर्गा त्रिपाठी, बंशीधर जोशी, निर्मल जोशी, त्रिलोक चंद्र भट्ट, विक्की बिष्ट, कमल परगांई, विनय पांडे, जानकी परगांई, हेमा बर्गली, निर्मला नैनवाल, तारा पाठक, पूजा शर्मा, जीवंती शर्मा, पुष्पा जोशी आदि मौजूद रहे।

ईई पर बात को अनसुना करने का आरोप
हल्द्वानी। पानी की समस्या से जूझ रहे जगदंबा नगर के लोगों ने जब जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संजय श्रीवास्तव को फोन किया तो उन्होंने लोगों की समस्या सुनने से इंकार कर दिया। इससे लोग अधिक भड़क गए और सड़क पर प्रदर्शन करने लगे। जब एसपी सिटी ने फोन किया तब भी उन्होंने अपनी जगह क्षेत्र के जेई को भेज दिया। ईई को लेकर लोगों में काफी आक्रोश दिखा।

जल संस्थान ने जल निगम को ठहराया जिम्मेदार
हल्द्वानी। जगदंबा नगर में प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच पहुंचे जल संस्थान के अधिकारियों ने जल निगम को पेयजल किल्लत के लिये जिम्मेदार बताया। इसके बाद लोगों में और भी ज्यादा गुस्सा भड़क गया। गुस्साए लोगों ने जल संस्थान पर अपनी जिम्मेदारी से भागने का आरोप लगाया। जल संस्थान के अधिकारियों ने कहा कि सोमवार को यहां नलकूप के बार-बार फूंकने के कारण का सही समाधान किया जाएगा और नया बिजली का तार बिछाया जाएगा।

संबंधित समाचार