हल्द्वानी: 11.23 करोड़ से कवर होगी लोहरियासाल नहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

यतीश शर्मा, अमृत विचार, हल्द्वानी। शहर की बड़ी आबादी को राहत मिलने वाली है। जाम से निजात दिलाने के लिए लोहरियासाल नहर को कवर किया जाएगा। इसको लेकर 5.34 करोड़ रुपये जारी हो गए हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। हल्द्वानी शहर में आए दिन लगने वाला जाम एक बड़ी चुनौती बन गया है। …

यतीश शर्मा, अमृत विचार, हल्द्वानी। शहर की बड़ी आबादी को राहत मिलने वाली है। जाम से निजात दिलाने के लिए लोहरियासाल नहर को कवर किया जाएगा। इसको लेकर 5.34 करोड़ रुपये जारी हो गए हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।

हल्द्वानी शहर में आए दिन लगने वाला जाम एक बड़ी चुनौती बन गया है। बरेली रोड, रामपुर रोड, नवाबी रोड व कालाढूंगी रोड पर हमेशा जाम लगा रहता है। अब प्रशासन ने शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए खास योजना बनाई है। इसके तहत चौपला चौराहे से ऊंचापुल और त्रिमूर्ति तक की लोहरियासाल नहर का सिंचाई विभाग 11 करोड़ 23 लाख रुपये से पुनर्निर्माण करेगा।

पहले चरण में 2.13 किलोमीटर की नहर का निर्माण होगा। इसके लिए पांच करोड़ 34 लाख की धनराशि सिंचाई विभाग को प्राप्त हो गई है। धनराशि प्राप्त होने के बाद विभागीय अधिकारी योजना को अमलीजामा पहनाने में जुट गए हैं। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता नवीन पांडेय ने बताया कि पहले नहर को तोड़ा जाएगा इसके बाद उसका पुनर्निर्माण कराया जाएगा। चूंकि नहर को कवरिंग करने के बाद उस पर सड़क निर्माण होगा। ऐसे में यदि पुरानी स्थिति में ही नहर को कवर कर दिया तो वह सड़क पर चलने वाले यातायात का भार नहीं उठा पाएगी। इसलिए उसे पूरा तोड़कर पुन: बनाया जाएगा।

इस तरह बनाया है मास्टर प्लान
सिंचाई विभाग के अधिकारी बताते हैं कि शहर के चौपला चौराहा से ऊंचापुल होते हुए त्रिमूर्ति तक करीब 4.5 किलोमीटर सिंचाई विभाग की नहर की कवरिंग की जानी है। इसके लिए 70 करोड़ 74 लाख रुपये का बजट जारी हुआ है। नहर कवरिंग के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। योजना के तहत नहर का पुनर्निर्माण, बिजली के पोल और पेयजल की लाइनों को शिफ्ट किया जाना है, जिसके बाद नहर के ऊपर पीडब्ल्यूडी की ओर से टू लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद सड़क पर डिवाइडर तथा स्ट्रीट लाइट भी लगेगी। नहर के पुनर्निर्माण के लिए गोविंद बल्लभ पंत विश्वविद्यालय से डिजायन तैयार कराया गया है।

नहर की कवरिंग के बाद लोगों को जाम की समस्या से तो निजात मिलेगी। साथ ही कई सड़कें भी चौड़ी हो जाएंगी। रामनगर रोड पर बाईपास बन जाएगा। नैनीताल जाने वाले लोगों को शहर के अंदर प्रवेश नहीं करना पड़ेगा और वह सीधे हाइवे पर निकल जाएंगे।
-चंद्रशेखर सिंह, मुख्य अभियंता सिंचाई विभाग

संबंधित समाचार