रुद्रपुर: बिगड़े माहौल से घबराए व्यापारी, बोले पुलिस करे सख्त कार्रवाई
रुद्रपुर, अमृत विचार। सोमवार को प्रतिबंधित पशु और बछड़े का शव मिलने से बिगड़े माहौल से व्यापारियों में भी रोष है। तरह के माहौल से व्यापार पर पड़ने वाले असर और दिक्कतों को लेकर मंगलवार को व्यापारी एसएसपी से मिले। उन्होंने अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उद्योग …
रुद्रपुर, अमृत विचार। सोमवार को प्रतिबंधित पशु और बछड़े का शव मिलने से बिगड़े माहौल से व्यापारियों में भी रोष है। तरह के माहौल से व्यापार पर पड़ने वाले असर और दिक्कतों को लेकर मंगलवार को व्यापारी एसएसपी से मिले। उन्होंने अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में व्यापारी एसएसपी दलीप सिंह कुंवर से मिले। संगठन के अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि पशु शव मिलने के प्रकरण से शहर में भय का माहौल है। इस तरह की घटना से लोग डरते हैं और घर से बाहर निकलने से कतराते हैं। इसका बड़ा असर कारोबार पर पड़ता है। लोगों की और बाजार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सख्ती बढ़ाई जानी चाहिए।
साथ ही अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि व्यापारी कोरोना महामारी से पहले से ही पीड़ित हैं और यह फिर से चरम पर है। इस बीच बाकी दिक्कतों से व्यापारियों को सुरक्षित किया जाए। उन्होंने एसएसपी से कड़ा अनुशासन और पशु हत्या में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की। इस दौरान व्यापार मंडल प्रदेश संयुक्त महामंत्री राजेश बंसल, जिला उपाध्यक्ष सुरमुख सिंह विर्क, नगर महामंत्री हरीश अरोड़ा, युवा व्यापार मंडल महामंत्री पवन गाबा पल्ली आदि मौजूद रहे।
गौ हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
बाजपुर। समाजवादी पार्टी यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरविंद यादव ने रुद्रपुर में गौहत्या मामले में आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। मंगलवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने भाजपा पर इस मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप भी लगाया है। अरविंद ने कहा कि प्रशासन के पास गौहत्या मामले की सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। इसके बावजूद भी आरोपितों को अभी तक पकड़ा नहीं गया है। उन्होंने प्रशासन से आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
