हरदोई: सड़क पर जंगली जानवर के बच्चे का शव देख डरे ग्रामीण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। जिले में मंगलवार को भरखनी-रूपापुर नहर पटरी मार्ग पर ब्लाक भरखनी मुख्यालय के निकट एक जानवर के नवजात बच्चे का शव पड़ा मिलने की सूचना पर सैकड़ों ग्रामीण जमा हो गए। जानवर के बच्चे का शव देख ग्रामीणों में बाघ के शावक होने की चर्चा होने लगी। वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुँचे वन …

हरदोई। जिले में मंगलवार को भरखनी-रूपापुर नहर पटरी मार्ग पर ब्लाक भरखनी मुख्यालय के निकट एक जानवर के नवजात बच्चे का शव पड़ा मिलने की सूचना पर सैकड़ों ग्रामीण जमा हो गए। जानवर के बच्चे का शव देख ग्रामीणों में बाघ के शावक होने की चर्चा होने लगी।

वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुँचे वन विभाग कर्मियों ने जंगली जानवर के बच्चे के शव को परीक्षण के लिए शाहाबाद पशु चिकित्सालय भेज दिया है। वन कर्मियों के मुताबिक परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद ही शव किस जानवर का है इसकी पुष्टि हो सकेगी।

जंगली जानवर के पगचिन्ह देख पहले ही डरे हुए थे ग्रामीण

पाली थाने के अकौड़ा में रविवार को जंगली जानवर के पगचिह्न देख कर ग्रामीणों ने बाघ होने का दावा किया था। सूचना पर पुलिस व वन विभाग कर्मी मौके पर पंहुचकर बाघ की तलाश में जुट गए थे। सोमवार को भी पूरा दिन वन विभाग की टीम क्षेत्र के दर्जनों गांवों में बाघ की तलाश में काम्बिंग करती रही थी। लेकिन बाघ का पता नही चला गया था। और न ही कोई पगचिह्न मिले थे।

मंगलवार को भरखनी ब्लाक मुख्यालय के गेट के निकट सड़क पर एक जंगली जानवर के बच्चे का शव देख ग्रामीणों का हुजूम जमा हो गया। ग्रामीणों में बाघ का शावक मृत पड़ा होने की चर्चा आम हो गई। ग्रामीणों की सूचना पाकर थाना प्रभारी संदीप सिंह व वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल की छानबीन शुरू कर दी।

पढ़ें: हरदोई: सुरसा पुलिस ने 25 हजार के इनामी वांछित आरोपी को किया गिरफ्तार

जांच के बाद ही पता चलेगा किस जानवर का है शव

मामले पर जानकारी देते हुए वन विभाग के डिप्टी रेंजर एसपी कुरील ने बताया कि जंगली जानवर के नवजात बच्चे का शव मिलने की सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों सूचना के आधार पर बाघ को सर्च करने के लिए भी अभियान चलाया गया था, लेकिन अब तक किसी भी प्रकार के पगचिन्ह नही मिले हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में डब्लूडब्लूएफ को सूचना दे दी गयी है। बरामद नवजात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पुष्टि हो सकेगी की शव किस जानवर का है।

संबंधित समाचार