बरेली: चुनाव में ड्यूटी लगाने के विरोध में शिक्षक
बरेली, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव सम्पन्न कराने के लिए बेसिक और माध्यमिक शिक्षकों की सूची तैयार की जा रही है। इस बात की भनक लगते ही शिक्षक और शिक्षक संघ में रोष व्याप्त है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेज कर शिक्षकों ने चुनाव में ड्यूटी नहीं लगाने की मांग की है। शिक्षकों ने पूर्व …
बरेली, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव सम्पन्न कराने के लिए बेसिक और माध्यमिक शिक्षकों की सूची तैयार की जा रही है। इस बात की भनक लगते ही शिक्षक और शिक्षक संघ में रोष व्याप्त है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेज कर शिक्षकों ने चुनाव में ड्यूटी नहीं लगाने की मांग की है। शिक्षकों ने पूर्व में हुए जिला पंचायत चुनाव के दौरान कोरोना संक्रमण के कारण हजारों शिक्षकों के जान गंवाने को मुख्य वजह बताया है।
यूपी प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ के पदाधिकारियों द्वारा भेजे पत्र के अनुसार पूर्व की तरह इस वर्ष भी कोरोना का संक्रमण तेजी से पांव पसारता जा रहा है। जबकि पूर्व में विभाग की लापरवाही के कारण चुनाव संपन्न कराने में लगे 1622 शिक्षकों को संक्रमण की चपेट में आने के कारण जान से हाथ धोना पड़ा था। संघ ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मांग की है कि परिषदीय शिक्षक, कर्मचारी, अनुदेशक, और शिक्षा मित्रों की ड्यूटी निर्वाचन कार्य में लगाई जाती है तो उन्हें कोरोना कर्मी मानते हुए सभी संबंधित लाभ दिए जाएं। जिससे अनहोनी की स्थिति में उनके परिवारों को दर – दर न भटकना पड़े और न्याय मिल सके।
मंडलीय अध्यक्ष डा. विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि चुनाव से संबंधित सभी प्रशिक्षण ऑनलाइन माध्यम से कराने की मांग की गई है। निर्वाचन कार्य में महिला कर्मिकों और शिक्षिकाओं की ड्यूटी नहीं लगाने व पति पत्नी दोनों के सेवा होने की स्थिति में सिर्फ एक की ही चुनाव ड्यूटी लगे। ताकि चुनाव के बाद सभी शिक्षक स्वस्थ्य रह कर शिक्षण कार्य करा सकें।
