मुरादाबाद : पुलिस एकेडमी में 41, कोतवाली में 13 पुलिसकर्मियों सहित 240 नये कोरोना संक्रमित मिले
मुरादाबाद, अमृत विचार। कोरोना के प्रति लोगों के न चेतने का परिणाम हर दिन सैकड़ों की संख्या में मिल रहे कोविड संक्रमितों के रूप में सामने आ रहा है। चार दिनों में एक हजार से अधिक कोरोना के मरीज मिल चुके हैं। गुरुवार को 240 नये संक्रमित मिले। ऐसे में अब जनपद में सक्रिय रोगियों …
मुरादाबाद, अमृत विचार। कोरोना के प्रति लोगों के न चेतने का परिणाम हर दिन सैकड़ों की संख्या में मिल रहे कोविड संक्रमितों के रूप में सामने आ रहा है। चार दिनों में एक हजार से अधिक कोरोना के मरीज मिल चुके हैं। गुरुवार को 240 नये संक्रमित मिले। ऐसे में अब जनपद में सक्रिय रोगियों की संख्या 2528 हो गई।
गुरुवार को जिले में 240 कोरोना संक्रमित नये मरीज मिले। इसमें पुलिस अकादमी में 41 तथा कोतवाली के 13 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। इनके अलावा दो निजी चिकित्सक, रेल विहार में रह रहे रेलवे के कर्मचारी और उनके परिवार वाले, दीन दयाल नगर, रामगंगा विहार, आशियाना, हरथला रेलवे कॉलोनी, टीएमयू के आठ, बुद्धि विहार, मिलन विहार, कांशीराम कॉलोनी, इम्पीरियर ग्रीन्स कॉलोनी, मान सरोवर कॉलोनी सहित अन्य जगहों पर भी लोग कोरोना की चपेट में आए हैं। इसके अलावा देहात क्षेत्र में कुंदरकी, मूंढापांडे, बिलारी ब्लॉक के विभिन्न गांवों में संक्रमित मरीज मिले हैं।
नये मरीजों के संपर्क में आने वालों की जांच के लिए शुक्रवार को टीमें पहुंचेंगी। बुधवार को एक दिन में सर्वाधिक 477 कोरोना संक्रमित मरीज मिले थे। इनके संपर्क में आने वालों की जांच के लिए सैंपल लेने के लिए रैपिड रिस्पांस टीम दिन भर दौड़ती रहीं। आईडीएसपी के डिस्ट्रिक डेटा मैनेजर अंकित शर्मा ने बताया कि अब कोरोना के सक्रिय रोगी 2528 हो गए हैं।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रवीन श्रीवास्तव का कहना है कि संक्रमितों को सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार होम आइसोलेट कराया जा रहा है। जिन मरीजों को सांस लेने में अधिक दिक्कत हो रही है या जो पहले से किसी गंभीर बीमारी की चपेट में हैं, उन पर नजर रखी जा रही है। कई मरीजों को जिला अस्पताल के 100 बेड के कोविड अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। इस अस्पताल में 40 बेड का पीकू वार्ड (पीडियाट्रिक इंटेसिव केयर यूनिट) बनाया गया है, जिसमें कोरोना पीड़ित बच्चों को भर्ती किया जाएगा। वेंटीलेटर युक्त 20 बेड का ओमिक्रान वार्ड भी सक्रिय है।
