विधानसभा चुनाव की तैयारी: कुमाऊं में हर आने-जाने वाले का बहीखाता बनाएगी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी,  अमृत विचार। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस सजग है। जिले की सीमा को चौकस करने के भी सारे इंतजाम कर दिए गए हैं और अब जिले में दाखिल होने वाले हर एक व्यक्ति और वाहन की जानकारी पुलिस अपने रजिस्टर में दर्ज करेगी। डीआईजी निलेश आनंद भरणे ने बताया कि चुनाव में शराब …

हल्द्वानी,  अमृत विचार। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस सजग है। जिले की सीमा को चौकस करने के भी सारे इंतजाम कर दिए गए हैं और अब जिले में दाखिल होने वाले हर एक व्यक्ति और वाहन की जानकारी पुलिस अपने रजिस्टर में दर्ज करेगी।

डीआईजी निलेश आनंद भरणे ने बताया कि चुनाव में शराब और पैसों का खूब इस्तेमाल होता है, जिससे चुनाव प्रभावित होता है। इसके अलावा चुनाव संपन्न कराने के लिए गैर जिलों व राज्यों से भी लोग बुलाए जाते हैं। इसको लेकर अब पुलिस जिलों की सीमा पर निगरानी करेगी। कुमाऊं के 13 जिलों में दाखिल होने वाले हर रास्ते पर पुलिस चेक पोस्ट तैयार किए जा रहे हैं। इन चेक पोस्ट में तैनात सिपाही के पास एक रजिस्टर होगा। रजिस्टर में न सिर्फ जिलों में दाखिल होने वाले लोगों के नाम, पते और मोबाइल नंबर दर्ज किए जाएंगे। बल्कि वाहनों की भी पूरी डिटेल दर्ज की जाएगी। चेक पोस्ट पर वाहन और संदिग्धों की तलाशी के बाद ही उन्हें आगे बढ़ने दिया जाएगा।

आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत एप पर दर्ज कराएं
डीआईजी ने लोगों से सी विजिल एप डाउनलोड करने की अपील की है। महज 8 एमबी का ये एप चुनाव आयोग ने तैयार किया है। जिसमें आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत फोटो और वीडियो के साथ दर्ज कराई जा सकती है। ये शिकायत सीधा चुनाव आयोग तक पहुंचेगी। डीआईजी ने भरोसा दिलाया है कि यदि जनता इस एप का इस्तेमाल करती है तो चुनाव निष्पक्ष कराने में चुनाव और पुलिस को बड़ी मदद मिलेगी।

18 जनवरी को मंथन करेगी उत्तराखंड और उप्र पुलिस
डीआईजी निलेश आनंद भरणे ने बताया कि चुनाव को लेकर आगामी 18 जनवरी को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस बैठक करेगी। इस बैठक में सभी बड़े अधिकारी शामिल होंगे। साझा बैठक में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से उन लिंक रास्तों पर चर्चा होगी, जिसके जरिये चुनाव में इस्तेमाल होने वाले रुपये और शराब लाई जा सकती है। इसके अलावा दोनों राज्यों के बीच स्मैक तस्करी को लेकर भी चर्चा होगी।

 

संबंधित समाचार