संभल : शाहपुर सोत और कैलमुंडी गांव में दो पक्ष भिड़े, पथराव और फायरिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल/कैलादेवी/अमृत विचार। असमोली थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर सोत और कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव कैलमुंडी में बुधवार को दो पक्ष आमने सामने आ गए। दोनों ओर से पथराव किया गया। कैलमुंडी में पथराव के साथ फायरिंग भी की गई। दोनों स्थानों पर चार लोग घायल हो गए।  पहली घटना गांव शाहपुर सोत की …

संभल/कैलादेवी/अमृत विचार। असमोली थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर सोत और कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव कैलमुंडी में बुधवार को दो पक्ष आमने सामने आ गए। दोनों ओर से पथराव किया गया। कैलमुंडी में पथराव के साथ फायरिंग भी की गई। दोनों स्थानों पर चार लोग घायल हो गए।  पहली घटना गांव शाहपुर सोत की है, जहां गांव निवासी संजू पुत्र किशनलाल ने अपने पड़ोसी राजू से एक हफ्ते पहले कुछ रुपये उधार लिए थे। राजू का भाई विकास बुधवार शाम को संजू के घर रुपये का तगादा करने के लिए गया। इस पर संजू और विकास में कहासुनी हो गई। दोनों एक दूसरे से गाली गलौज करने लगे। विकास की आवाज सुनकर राजू और उसके पिता मौके पर पहुंचे।

आरोप है कि इस दौरान दूसरे पक्ष के लोग तीनों के साथ मारपीट करने लगे। इतने में संजू पक्ष के लोग छत पर चढ़ गए और पथराव करने लगे, जिसमें एक ही पक्ष की तरफ से राजू, विकास और कल्लू घायल हो गये। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो दूसरे पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। पीड़ितों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है। वहीं कैलादेवी में भी पुराने विवाद के चलते दो पक्षों में कहासुनी, गाली-गलौज के बाद बुधवार की देर रात को पथराव और फायरिंग हो गई।

कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव कैलमुंडी निवासी राजकुमार और चंद्रपाल में पिछले कई महीनों से विवाद चला आ रहा है, जिसे लेकर दोनों में कई बार पहले भी झगड़ा हो चुका है। बुधवार की देर रात को राजकुमार का बेटा मनोज अपने ताऊ के यहां से अपने घर को जा रहा था। जैसे ही वह चंद्रपाल के बेटे बब्लू की दूध डेयरी के सामने पहुंचा तो वहां पर दोनों में किसी बात को लेकर गाली-गलौज होने लगी और थोड़ी देर में दोनों में जमकर मारपीट हो गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने दोनों का बीच बचाव कर उन्हें घर भेज दिया। उसके बाद मारपीट की जानकारी जैसे ही दोनों युवकों के परिजनों को हुई तो वे अपने अपने घरों की छतों पर चढ़कर एक दूसरे को ललकारने लगे और पथराव करने लगे।

कुछ ही देर में दोनों पक्षों में फायरिंग होने लगी। फायरिंग की आवाज को सुनकर गांव में अफरा तफरी मच गई, लोग दौड़कर अपने घरों में घुस गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दोनों पक्षों के लोग एक दूसरे पर झगड़ा करने का आरोप प्रत्यारोप लगाने लगे। पुलिस दोनों तरफ से एक-एक व्यक्ति को पकड़कर थाने ले गई। पथराव होने की वजह से राजकुमार का बेटा घायल हो गया। परिजन घायल को उपचार के लिए निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां पर उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने पकड़े गए दोनों व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उनका चालान कर दिया है।

संबंधित समाचार