चुनावी बिगुल बजने के साथ ही 75 फीसदी से ज्यादा मतदान का गूंजने लगा नारा
बांदा। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही चुनाव आयोग ने मतदान का प्रतिशत भी बढ़ाने के लिये मतदाताओं को जागरुक करना शुरु कर दिया है। इस कड़ी में बांदा के जिला प्रशासन ने आगामी विधानसभा चुनाव में 75 प्रतिशत से अधिक मतदान कराने का लक्ष्य तय किया है। इस लक्ष्य …
बांदा। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही चुनाव आयोग ने मतदान का प्रतिशत भी बढ़ाने के लिये मतदाताओं को जागरुक करना शुरु कर दिया है। इस कड़ी में बांदा के जिला प्रशासन ने आगामी विधानसभा चुनाव में 75 प्रतिशत से अधिक मतदान कराने का लक्ष्य तय किया है। इस लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में स्थानीय प्रशासन ने अभियान छेड़ दिया है।
बांदा के जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग पटेल ने बताया कि चुनाव में की जा रही समस्त तैयारियों के साथ “बांदा बने देश की शान , 75 प्रतिशत प्लस हो मतदान” का नारा दिया गया है। यह अभियान सभी मतदाताओं से मतदान करने की अपील के साथ ही 75 प्रतिशत के लक्ष्य को हासिल करने के लिये शुरू किया है। उन्होंने बताया कि इसके लिए जिले में मतदाता जागरूकता के अनूठे प्रयास किये गये हैं। जिसमें निरक्षर से साक्षर हुये 58 ग्राम प्रधानों को अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया। इन प्रधानों में 53 महिला एवं पांच पुरुष ग्राम प्रधान शामिल है। जिले के 58 गांवों को गोद लेने वाले जिला स्तरीय अधिकारियों को अपने ब्रांड एंबेसडर ग्राम प्रधानों के साथ जन जागरण अभियान की अनूठी पहल शुरू की गई।
पटेल ने जिलाधिकारी द्वारा गोद लिए नरैनी विकासखंड में स्थित सिंघौटी गांव में स्वयं नेतृत्व कर जन जागरण अभियान का गुरुवार को आगाज किया। उन्होंने हाल में साक्षर हुई ब्रांड एंबेसडर ग्राम प्रधान मायावती व उनके पति देव शरण एवं उनकी पुत्री पूजा और स्कूली बच्चों तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ डुगडुगी पिटवाते हुए पूरे गांव का भ्रमण किया। इस दौरान प्रत्येक घर की कुंडी खटखटा कर दरवाजे खुलवा कर स्कूली बच्चों को घर के अंदर भेजा। बच्चों ने हाथ जोड़कर परिवार के सभी सदस्यों से शत प्रतिशत मतदान करने की अपील की। पटेल ने भी परिवार के प्रत्येक सदस्य से मुलाकात की और मौके पर मौजूद अधिकारियों सहित मतदान को शत प्रतिशत सफल बनाने का आग्रह किया।
इस अभियान से उत्साहित ग्रामीणों ने पटेल की इस पहल के लिये स्वागत किया। इस सिलसिले को आगे बढ़ाते हुये शुक्रवार को जिले के मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त), अपर जिला अधिकारी (नमामि गंगे), नगर मजिस्ट्रेट बांदा, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित जिले के 58 जिला स्तरीय अधिकारियों ने अपने गोद में लिए गांव में हाल के साक्षर ब्रांड एंबेसडर ग्राम प्रधानों के साथ इस अभियान को आगे बढ़ाया। गौरतलब है कि बांदा में विधानसभा चुनाव के लिये आगामी 23 फरवरी को मतदान हाेगा। चुनाव में जिले की सभी विधानसभा सीटों पर शत प्रतिशत मतदान करने की अपील के साथ इस मुहिम को लगातार जारी रखा जायेगा।
यह भी पढ़ें:-UP Elections 2022: दलित परिवार के घर सीएम योगी ने किया भोजन, सबका साथ, सबका विकास का दिया संदेश
