मुरादाबाद : दो दिन और नहीं मिलेगी ठंड से राहत, बारिश के भी आसार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। बारिश के बाद अब कोहरे ने ठंड का प्रकोप बढ़ा दिया है। तीन दिन से धूप न निकलने के कारण गलन और ठिठुरन काफी बढ़ गई है। दिन निकलने के साथ ही चलने वाली सर्द हवा लोगों को घरों में रहने के लिए मजबूर कर रही है। शनिवार को भी दिन भर …

मुरादाबाद, अमृत विचार। बारिश के बाद अब कोहरे ने ठंड का प्रकोप बढ़ा दिया है। तीन दिन से धूप न निकलने के कारण गलन और ठिठुरन काफी बढ़ गई है। दिन निकलने के साथ ही चलने वाली सर्द हवा लोगों को घरों में रहने के लिए मजबूर कर रही है। शनिवार को भी दिन भर लोग गलन के कारण ठिठुरते रहे। सड़कों से लेकर गली-मोहल्लों तक में लोग अलाव का सहारा लेकर ठंड से बचने का उपक्रम करते नजर आए।

शनिवार को दिन में पारा लुढ़ककर चार डिग्री तक पहुंच गया। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे ठिठुरन बढ़ी तो सड़कों पर आवाजाही कम हो गई। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी ने करीब एक सप्ताह से मौसम का मिजाज बदल दिया है। बीते दिन हुई बारिश में जो तापमान गिरा, उसके बाद से अब तक गलन और ठिठुरन से राहत नहीं मिल पा रही है।

तीन दिन से धूप के दर्शन न होने से रोज ही पारे में गिरावट दर्ज की जा रही है। अमूमन मकर संक्रांति के बाद मौसम में परिवर्तन होने लगता है। खासतौर पर मैदानी इलाकों में धूप निकलने की संभावना बढ़ जाती है। मगर उत्तराखंड से सटा होने के कारण मुरादाबाद के हालात काफी अलग हैं। महानगर में वक्त के साथ ठंडक भी बढ़ती जा रही है। शनिवार को दिन की शुरुआत कोहरे और सर्द हवा से हुई। कोहरे के कारण काफी देर तक बूंदें गिरने का अहसास होता रहा। इस दौरान एक्यूआई बढ़कर 150 तक पहुंच गया। वहीं मौसम वैज्ञानिक आगामी दिनों में ठंड के आसार बता रहे हैं।

आगामी दो दिन तक कोहरा बना रहेगा, जिससे निश्चित रूप से ठंड का असर बढ़ेगा। मंगलवार से मौसम में कुछ परिवर्तन होना शुरू होगा। इस दौरान सभी को कोहरे का सामना करना पड़ेगा। -डॉ. आरके सिंह, मौसम वैज्ञानिक

 

संबंधित समाचार