मुरादाबाद : तालाब में मिला लापता ऑटो चालक का शव
मुरादाबाद, अमृत विचार। शुक्रवार रात करीब नौ बजे से लापता ऑटो चालक का शव तालाब में पड़ा मिला। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। ससुराल वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर संजय पांचाल ने बताया कि मृतक के पिता ने घटना को इत्तेफाकिया …
मुरादाबाद, अमृत विचार। शुक्रवार रात करीब नौ बजे से लापता ऑटो चालक का शव तालाब में पड़ा मिला। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। ससुराल वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर संजय पांचाल ने बताया कि मृतक के पिता ने घटना को इत्तेफाकिया बताते हुए तहरीर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव भीतखेड़ा निवासी 35 वर्षीय सुंदरलाल ऑटो चालक था। उसके परिवार में पत्नी विमला के अलावा दो बेटी 16 वर्षीय अंशु, 10 वर्षीय गीता और छह वर्षीय पुत्र लव है। पुलिस के अनुसार सुंदरलाल शराबी था। उसकी पत्नी विमला के अनुसार पति ने शुक्रवार की रात मीट बनवाया था। खाना खाने के बाद वह दो लोगों का खाना और मीट लेकर रात करीब नौ बजे घर से निकला था। पूरी रात पत्नी इंतजार ही करती रही, मगर वह घर नहीं लौटा।
शनिवार सुबह सुंदरलाल का शव घर से करीब आधा किलोमीटर दूर तालाब में उतरता मिला। जानकारी मिलते ही परिजनों के अलावा तमाम ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना शव को घर ले गए और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। इस बीच रामपुर जनपद के शाहबाद थानाक्षेत्र के गांव लालू नगला से मृतक के ससुराल वाले भी पहुंच गए।
उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी। तब पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता लाखन सिंह ने तहरीर दी है कि उनका बेटा सुंदरलाल खाना खाकर शौच के लिए गया था। पैर फिसल जाने की वजह से वह तालाब में डूब गया और मौत हो गई। बताया जाता है कि सुंदरलाल के घर में शौचालय है। फिर वह शौच के लिए बाहर क्यों गया था? पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
