संभल : बंद मैंथा फैक्ट्री में तमंचे बनाने का भंडाफोड़, एक दबोचा
संभल,अमृत विचार। पुलिस ने बंद पड़ी एक मैंथा फैक्ट्री में अवैध हथियार बनाने के धंधे का भंडाफोड़ किया है। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फैक्ट्री की घेराबंदी कर मौके से एक आरोपी को दबोच लिया। साथ ही कई हथियार भी बरामद किए हैं, जिनमें नौ बने हुए तमंचे, एक बंदूक और तमंचे …
संभल,अमृत विचार। पुलिस ने बंद पड़ी एक मैंथा फैक्ट्री में अवैध हथियार बनाने के धंधे का भंडाफोड़ किया है। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फैक्ट्री की घेराबंदी कर मौके से एक आरोपी को दबोच लिया। साथ ही कई हथियार भी बरामद किए हैं, जिनमें नौ बने हुए तमंचे, एक बंदूक और तमंचे बनाने में प्रयोग होने वाले उपकरण आदि शामिल हैं। मौके से दबोचे गए आरोपी की पहचान नखासा थाना क्षेत्र के गांव रुकद्दीन सराय निवासी वकील पुत्र शरीफ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसका चालान कर दिया है।

पुलिस कैलादेवी थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी किसी ने थाना क्षेत्र के शकरपुर खडकरानी गांव के मार्ग पर बंद पड़ी मैंथा की फैक्ट्री पर अवैध हथियार बनाने की सूचना दी। पुलिस टीम सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर कुछ ही दूरी पर जाकर उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बंद फैक्ट्री से नौ बने हुए तमंचे, एक बंदूक और दो अधबने तमंचे, खोखा, कई कारतूस और हथियार बनाने के अन्य उपकरण बरामद किए। पुलिस ने सभी हथियारों को सील कर मामले की सूचना आला अधिकारियों को दी। उसके बाद पुलिस आरोपी को अवैध हथियारों के साथ थाने लेकर गई। पुलिस ने शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उसका चालान कर दिया है।
