हल्द्वानी: अब पनियाली में घास काटने गए किसान को तेंदुए ने बनाया निवाला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। घास काटने जंगल गए लापता किसान का क्षत-विक्षत शव एक दिन बाद पनियाली के जंगल से बरामद हुआ है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन विभाग के अनुसार नत्थूलाल (48वर्ष) पुत्र धाकन सिंह निवासी बजूनिया हल्दू …

हल्द्वानी, अमृत विचार। घास काटने जंगल गए लापता किसान का क्षत-विक्षत शव एक दिन बाद पनियाली के जंगल से बरामद हुआ है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

वन विभाग के अनुसार नत्थूलाल (48वर्ष) पुत्र धाकन सिंह निवासी बजूनिया हल्दू रविवार की सुबह घास लेने के लिए पनियाली के जंगल में गया था लेकिन कई घंटों बाद भी नहीं लौटा। इस पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और खुद भी खोजबीन शुरू की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार की सुबह परिजन फिर से नत्थूलाल की खोज में जंगल की ओर गए।

इस दौरान जंगल में नत्थूलाल का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव का निचला हिस्सा तेंदुए ने निवाला बना लिया था। तेंदुए ने ग्रामीण को निवाला बनाने की खबर कठघरिया में आग की तरह फैल गई। इस बीच किसी ने वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर रामनगर वन डिवीजन की फतेहपुर रेंज टीम मौके पर पहुंच गई।

टीम को काठगोदाम कक्ष संख्या तीन के प्लॉट से शव बरामद हुआ। टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आबादी से सटे जंगलों में तेंदुए की आमद से ग्रामीणों में दहशत है। उनका कहना है कि मानव वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए वन विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है जबकि ग्रामीणों ने कई दफा कार्रवाई की मांग की है। वन विभाग के अनुसार कागजी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मुआवजा दिया जाएगा।

19 दिनों में तीन को बनाया निवाला

चार दिन पहले गुरुवार को रामनगर वन डिवीजन की फतेहपुर वन रेंज के अंतर्गत दमुवाढूंगा के जंगलों में घास लेने गई  44 वर्षीय नंदी सनवाल को तेंदुए ने निवाला बना लिया था। इससे पूर्व 29 दिसंबर को दमुवाढूंगा के जंगलों से ही एक युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा था इसे भी तेंदुए ने निवाला बनाया था। इसको लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश था। वन टीम ने वहां ट्रैपिंग कैमरा और पिंजड़ा लगाया था कि अब पनियाली में घटना हो गई।

तीन पिंजड़े, छह ट्रैपिंग कैमरा लगाए

वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए सोनगोट, तपोवन और बजूनिया हल्दू में पिंजड़े लगा दिए हैं जबकि इन्हीं प्वाइंटों पर छह ट्रैपिंग कैमरा लगाए हैं। इसी के साथ ही तीन टीमें भी गश्त पर लगाई।

तेंदुए को आदमखोर घोषित करने को लिखा पत्र

वन अधिकारियों के अनुसार 19 दिनों में तीन को निवाला बना लेने वाले तेंदुए को आदमखोर घोषित करने के लिए प्रमुख वन्यजीव प्रतिपालक को पत्र लिखा है। अनुमति मिलने के बाद तेंदुए को आदमखोर घोषित कर दिया जाएगा। इसके बाद शिकारी को बुलाया जाएगा।

तेंदुए ने घास लेने गए एक किसान को निवाला बना लिया। उसका शव पनियाली के जंगलों से बरामद हुआ है। जल्द ही मृतक के परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा। तेंदुए को पकड़ने के लिए तीन जगह पिंजड़े, छह ट्रैपिंग कैमरा लगाए हैं। साथ ही तेंदुए को नरभक्षी घोषित करने के लिए भी उच्च अधिकारियों को पत्र लिखा है। अनुमति मिलने पर नरभक्षी तेंदुए से निपटने के लिए शिकारी को बुलाया जाएगा।  – केआर आर्य, रेंजर फतेहपुर वन रेंज, रामनगर वन डिवीजन

संबंधित समाचार