अमरोहा: भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र नागपाल समेत दस पर मुकदमा
हसनपुर/गजरौला/ अमरोहा, अमृत विचार। भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में निकाले गए जुलूस में चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मामला सामना आया है। इस मामले में पुलिस ने नौगांवा सादात से भाजपा उम्मीदवार देवेंद्र नागपाल समेत सात लोगों के खिलाफ नामजद व दस अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। उधर, हसनपुर में भाजपा …
हसनपुर/गजरौला/ अमरोहा, अमृत विचार। भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में निकाले गए जुलूस में चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मामला सामना आया है। इस मामले में पुलिस ने नौगांवा सादात से भाजपा उम्मीदवार देवेंद्र नागपाल समेत सात लोगों के खिलाफ नामजद व दस अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
उधर, हसनपुर में भाजपा विधायक के समर्थक टिकट मिलने की खुशी में जुलूस निकाल रहे थे। जिससे कोरोना नियमों का उल्लंघन किया गया। इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी ट्वीट किया था। जिस पर पुलिस ने भाजपा प्रत्याशी एवं विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी व 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। रविवार को भाजपा विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी के समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं ने टिकट घोषित होने की खुशी में जुलूस निकाला था।
उधर, थाना गजरौला में पूर्व सांसद व नौगांवा सादात से भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र नागपाल व समर्थकों के विरुद्ध आचार संहिता के उल्लंघन व महामारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज हुआ है। दो दिन पहले 15 जनवरी को भाजपा से नौगांवा सादात प्रत्याशी के रूप में उनका टिकट हुआ था। इस दौरान वह जैसे ही अपने आवास के निकट पहुंचे, इससे पहले ही रेलवे स्टेशन के निकट उनके समर्थकों ने खुशी में ढोल नगाड़े बजाने शुरू कर दिए थे।
इस दौरान काफी भीड़ इकट्ठा हो गई थी। जिसमें चुनाव आचार संहिता और कोरोना गाइडलाइन का पालन न करने का मामला सामने आया। इस मामले में पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई की। कस्बा चौकी इंचार्ज महेंद्र शर्मा की तहरीर पर पूर्व सांसद एवं उम्मीदवार देवेंद्र नागपाल, कुलवंत, धीरेंद्र, रिषभ वर्मा, राहुल, अनिल, सुरेंद्र, वेदपाल व आठ-दस अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार ने रिपोर्ट दर्ज किए जाने की पुष्टि की है। बता दें कि चुनाव आयोग द्वारा कोरोना महामारी के दौरान आगामी 22 जनवरी तक किसी भी प्रकार की रैली, जुलूस व सभाओं पर पाबंदी लगाई हुई है।
चुनाव आचार संहिता एवं कोविड गाइडलाइन के उल्लंघन में हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी व 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जबकि, नौगांवा सादात से भाजपा उम्मीदवार व 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। विधिक कार्यवाही की जा रही है। चंद्र प्रकाश शुक्ला, पुलिस अधीक्षक
