काशीपुर: पिछले सत्र के 257 छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति के लिए भटकने को मजबूर
अरुण कुमार, अमृत विचार, काशीपुर। परीक्षा परिणाम घोषित नहीं होने से भारी संख्या में छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति से वंचित है। महाविद्यालय प्रशासन तिथि बढ़ाने के लिए समाज कल्याण विभाग को पत्राचार करने की बात कर रहा है। दरअसल हर वर्ष समाज कल्याण विभाग की ओर से अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति, ओबीसी व अन्य को राज्य सरकार की …
अरुण कुमार, अमृत विचार, काशीपुर। परीक्षा परिणाम घोषित नहीं होने से भारी संख्या में छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति से वंचित है। महाविद्यालय प्रशासन तिथि बढ़ाने के लिए समाज कल्याण विभाग को पत्राचार करने की बात कर रहा है।
दरअसल हर वर्ष समाज कल्याण विभाग की ओर से अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति, ओबीसी व अन्य को राज्य सरकार की एससी/एसटी योजना के तहत छात्रवृत्ति मुहैया होती है। राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छह हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अध्यनरत हैं। इनमें से बीए, बीएससी, बीकॉम प्रथम वर्ष में अध्ययनरत फ्रेश 740 एससी/एसटी/ओबीसी व अन्य संबंधित छात्र-छात्राओं ने समाज कल्याण विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन किया है।
इनमें से 457 बीए, बीकॉम, बीएससी प्रथम वर्ष के नवीन छात्र-छात्राएं है। साथ ही नवीनीकरण वाले पुराने 26 छात्र-छात्राओं ने भी आवेदन किया है। जिनके दस्तावेजों का सत्यापन हो चुके हैं। जिन्हें इस सत्र की छात्रवृत्ति दी जाएगी। शेष 257 छात्र-छात्राओं ने भी आवेदन किया है, जिनके दस्तावेज सत्यापन करने पर पिछले सत्र के पाए गए हैं।
उन्हें विभाग द्वारा छात्रवृत्ति नहीं दी जा सकती है। ऐसे छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति के लिए महाविद्यालय के चक्कर काटने को मजबूर हैं। इसके अलावा कुमाऊं विश्वविद्यालय की ओर से बीए, बीएससी प्रथम वर्ष व अन्य परीक्षाओं का परिणाम घोषित भी नहीं हो सका है। इसके चलते अगली कक्षा में प्रवेश नहीं होने के कारण भारी संख्या में छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति से भी वंचित है।
अब 10 जनवरी को राज्य और 15 जनवरी को केंद्र सरकार की ओर से पोर्टल भी बंद हो चुके हैं। छात्रवृत्ति प्रभारी डॉ. ममतेश कुमारी ने बताया कि 740 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। 457 प्रथम वर्ष के नए और 26 नवीनीकरण वाले पुरानी कक्षाओं के छात्र-छात्राएं है। पिछले सत्र के शेष 257 छात्रों ने आवेदन किया है, जिन्हे विभाग की ओर से छात्रवृत्ति नहीं दी जा सकती है।
बीए, बीएससी व बीकॉम प्रथम वर्ष में फिलहाल प्रवेश बंद हो चुके हैं। बीए, बीएससी प्रथम वर्ष व अन्य कक्षाओं का परीक्षा परिणाम घोषित होना शेष है। परिणाम आने के बाद प्रवेश होंगे और ऑनलाइन छात्रवृत्ति फार्म भरने की तिथि बढ़ाने के लिए समाज कल्याण विभाग को पत्र लिखा जाएगा। – डॉ. चंद्र राम, प्राचार्य, राधेहरि राजकीय महाविद्यालय काशीपुर
