बरेली: कैंट से चुनाव लड़ने को लखनऊ से आया फोन, किया इंकार
बरेली, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी कैंट विधानसभा से मजबूत प्रत्याशी की तलाश में जुटी है। जिन लोगों ने टिकट के लिए आवेदन किया है। उनके अलावा भी पार्टी अन्य लोगों को फोन कर चुनाव लड़ने का मन टटोल रही है। तीन दिन पहले कैंट से चुनाव लड़ने के लिए शहर के एक वरिष्ठ डॉक्टर के …
बरेली, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी कैंट विधानसभा से मजबूत प्रत्याशी की तलाश में जुटी है। जिन लोगों ने टिकट के लिए आवेदन किया है। उनके अलावा भी पार्टी अन्य लोगों को फोन कर चुनाव लड़ने का मन टटोल रही है। तीन दिन पहले कैंट से चुनाव लड़ने के लिए शहर के एक वरिष्ठ डॉक्टर के पास पार्टी मुख्यालय से फोन आया है। हालांकि डॉक्टर का कहना है कि फिलहाल तो चुनाव लड़ने से मना कर दिया है लेकिन यदि पार्टी टिकट दे ही देगी तो चुनाव लड़ूंगा। कैंट विधान सभा क्षेत्र से फिलहाल 17 दावेदारों ने चुनाव लड़ने को आवेदन किया है। इनमें आठ ब्राह्मण हैं।
भाजपा विधायक आरके शर्मा के सपा में आने के बाद ब्राह्मण दावेदारों का दावा बहुत कम हो गया है। इन नामों पर विचार करने की बात नहीं हो रही है। ऐसे में जो दावेदार बचे हैं। वे भी टिकट पाने का जोर लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। कैंट से चुनाव लड़ने के इच्छुक एक दावेदार कई दिनों से लखनऊ में ही जमे हैं। उन्होंने चार दिन पहले एक डाक्टर को फोन करके बताया कि यहां कैंट से उनका ही नाम चल रहा है। डाक्टर ने उन्हें बताया कि वे चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। तब दावेदार ने आग्रह किया कि वे नहीं लड़ रहे तो मेरे (दावेदार) नाम की ही सिफारिश कर दें। यह बात खत्म हो गई।
तीन दिन पहले दोपहर में डाक्टर के पास फिर लखनऊ से फोन आया। यह फोन पार्टी के एक प्रवक्ता का था। उन्होंने कहा कि कैंट से चुनाव लड़ने की तैयारी करिए। पार्टी में आपका नाम चल रहा है, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। शाम को फिर वरिष्ठ प्रवक्ता का फोन आया और उन्होंने फिर वही बात दोहराई। उनसे बात खत्म हुई, तभी वहां शहर के एक शराब व्यवसायी पहुंच गए। उन्होंने भी डाक्टर से चुनाव लड़ जाने की बात कही, लेकिन डाक्टर ने मना कर दिया। तब व्यवसायी ने एक दावेदार का नाम आगे बढ़ाने का आग्रह किया। डाक्टर ने कहा कि वह तो शहर से दावेदार हैं। व्यवसाई ने कहा कि आप नाम आगे बढ़ाओ वह कैंट से भी लड़ जाएगा।
इतना कहते हुए व्यवसायी ने दावेदार को ही फोन लगा दिया। उससे कहा कि डाक्टर साहब का आशीर्वाद लिए बिना चुनाव कैसे लड़ोगे। इसके बाद बरेली शहर के दावेदार ने भी डाक्टर से बात की। डाक्टर ने कहा कि वे विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगे। यह बात पार्टी नेताओं को बता दी है।
