खटीमा: चकरपुर में मृत मिला बनबसा का इलेक्ट्रीशियन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खटीमा, अमृत विचार। चकरपुर क्षेत्र में बनबसा का एक इलेक्ट्रीशियन मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। उसे सोमवार की रात नौ बजे तक बनबसा बस स्टेशन में देखा गया था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस के अनुसार …

खटीमा, अमृत विचार। चकरपुर क्षेत्र में बनबसा का एक इलेक्ट्रीशियन मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। उसे सोमवार की रात नौ बजे तक बनबसा बस स्टेशन में देखा गया था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

पुलिस के अनुसार मंगलवार की सुबह टनकपुर हाइवे में चकरपुर कस्बे में हनुमान मंदिर के पास सड़क के समीप एक अज्ञात व्यक्ति के मृत पड़े होने की सूचना आसपास के लोगों ने पुलिस को दी। इस पर चकरपुर चौकी इंचार्ज एसआई संदीप पिल्खवाल ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस बीच सूचना मिलने पर बनबसा से मृतक के परिजनों ने सरकारी अस्पताल पहुंचकर उसकी शिनाख्त बनबसा के देशीफार्म निवासी 44 वर्षीय राजेंद्र कश्यप उर्फ राजू के रूप में की।

बताया गया कि मृत राजू इलेक्ट्रीशियन का कार्य करता था। पहले वह बिजली विभाग में भी ठेकेदार के साथ काम कर चुका था, इसके बाद चार-पांच वर्ष से क्षेत्र में निजी तौर पर अपना काम कर रहा था। राजू को सोमवार रात करीब नौ बजे तक बनबसा बस अड्डे में दिखाई दिया था। परिजनों को सुबह करीब 9.30 बजे उसके मृत मिलने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिवार में पत्नी मानषी और 11 वर्षीय पुत्र समीर है। राजू तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उससे छोटे सोनू कश्यप, सुनील कश्यप हैं। इधर, चकरपुर चौकी इंचार्ज एसआई पिल्खवाल ने बताया कि राजू के अत्यधिक शराब पीने की बात सामने आई है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस की जांच अभी जारी है।

संबंधित समाचार