हल्द्वानी: 25 जनवरी तक पहाड़ों में कड़ाके की ठंड, मैदान में शीतलहर का रहेगा सितम
हल्द्वानी, अमृत विचार। पश्चिमी विक्षोभ पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। आने वाले 4 दिनों तक मौसम में परिवर्तन जारी रहेगा। इस दौरान बारिश और बर्फबारी होने के आसार बने हुए हैं। हल्द्वानी में गुरुवार को हुई बारिश के बाद शुक्रवार को लोगों को ठंड से राहत मिली। इस दौरान मौसम साफ रहा और …
हल्द्वानी, अमृत विचार। पश्चिमी विक्षोभ पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। आने वाले 4 दिनों तक मौसम में परिवर्तन जारी रहेगा। इस दौरान बारिश और बर्फबारी होने के आसार बने हुए हैं।
हल्द्वानी में गुरुवार को हुई बारिश के बाद शुक्रवार को लोगों को ठंड से राहत मिली। इस दौरान मौसम साफ रहा और चटख धूप निकली। शाम होते ही फिर से ठंड बढ़ गयी। शनिवार से फिर से मौसम में परिवर्तन होने के आसार बने हुए हैं। हल्द्वानी में न्यूनतम तापमान 4.2 तो अधिकतम तापमान 16 डिग्री पहुंच गया। मुक्तेश्वर में शीत दिवस के हालात बने हुए हैं। यहां पारा माइनस 0.1 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया है। वहीं अधिकतम तापमान 2 डिग्री दर्ज किया गया है।
पहाड़ों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लोग घरों में अलाव के सहारे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 जनवरी तक उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में बर्फबारी के साथ ही बारिश भी होगी। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 2500 मीटर से ज़्यादा ऊंची जगहों पर बर्फ गिरने की संभावना है। फिलहाल बद्रीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और औली में गुरुवार से बर्फबारी की शुरुआत हो गई है। पहाड़ों में बर्फ गिरने से मैदानी इलाकों में भी पारा गिरने लगा है।
बद्रीनाथ में बर्फ की चादर बिछ गई है। शनिवार को चमोली समेत रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और बागेश्वर में बर्फबारी के साथ ही बारिश की भी संभावना जताई गई है। जबकि अन्य ज़िलों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक मैदानी इलाकों में 25 जनवरी के बाद भी ठंड रहेगी। पहाड़ों में बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में शीतलहर चलेगी।
