हल्द्वानी: दिवंगत विधायक की पत्नी से लाखों की धोखाधड़ी
हल्द्वानी, अमृत विचार। जमीन दिलाने के नाम पर एक जालसाज ने दिवंगत विधायक की पत्नी से लाखों रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने विधायक की पत्नी से जमीन का बयाना लिया और जमीन किसी दूसरे को बेच दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी …
हल्द्वानी, अमृत विचार। जमीन दिलाने के नाम पर एक जालसाज ने दिवंगत विधायक की पत्नी से लाखों रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने विधायक की पत्नी से जमीन का बयाना लिया और जमीन किसी दूसरे को बेच दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्व.लाखन सिंह भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर खटीमा से विधायक रहे और फिर राज्य सभा सांसद भी रहे। उनकी पत्नी कांता देवी रामपुर रोड पर जाहरमल पेट्रोल पंप के पास रहती हैं। कांता की मानें तो बीते वर्ष 26 अप्रैल को उनका संपर्क गली नंबर सात रामपुर निवासी सुनील कुमार अग्रवाल व उसकी पत्नी राखी से हुआ। दंपति ने कांता को मुखानी में 1750 स्क्वायर फीट का एक प्लाट दिखाया। प्लाट कांता को पसंद आ गया और सौदा 19 लाख 25 हजार में तय हो गया। 26 अप्रैल को ही कांता ने बयाने के रूप में दंपति को दो लाख के चेक दे दिए। जबकि बाकी के 16 लाख 50 हजार रुपये का इकरारनामा कर लिया गया।
कांता ने जमीन के बाबत अपने वकील से संपर्क किया और जब वकील ने सब रजिस्ट्रार दफ्तर में पड़ताल की तो पता चला कि उक्त जमीन का तो पहले ही सौदा हो चुका है। न सिर्फ सौदा हो चुका है बल्कि सुनील कुमार अग्रवाल ने उक्त जमीन को 28 सितंबर 2018 में ही राज कुमार पुत्र लाल सिंह को बेच दिया है। जिसकी रजिस्ट्री भी हो चुकी है। मामला खुलने के बाद कांता ने आरोपी दंपति से अपने रुपये वापस मांगे, लेकिन आरोपी रुपये वापस करने में आनाकानी करने लगे। कांता ने पुलिस को तहरीर सौंपी। शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
