हल्द्वानी: नहर में बह गया पेंटर, दो किमी दूर मिली लाश
हल्द्वानी, अमृत विचार। रात काम निपटाकर घर लौट रहा पेंटर हादसे का शिकार हो गया। पैर फिसलने से वह नहर में गिर गया और तेज बहाव में बह गया। सुबह उसकी लाश घटनास्थल से दो किलोमीटर दूर नहर में फंसी मिली। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी। सूचना …
हल्द्वानी, अमृत विचार। रात काम निपटाकर घर लौट रहा पेंटर हादसे का शिकार हो गया। पैर फिसलने से वह नहर में गिर गया और तेज बहाव में बह गया। सुबह उसकी लाश घटनास्थल से दो किलोमीटर दूर नहर में फंसी मिली। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर, घटना से घर में कोहराम मच गया।
गोविंदपुर ग्राम गौलापार निवासी रमेश राम (49) पुत्र हीरा राम पेशे से पेंटर था। वह यहां अपने बेटे अजय के साथ रहता था। बताया जाता है कि शुक्रवार को रमेश राम काम पर गया था, लेकिन वापस घर नहीं पहुंचा। अकसर घर पहुंचने के बाद रमेश घर के बाहर ही सो जाया करता था।
शनिवार की सुबह जब अजय की आंख खुली तो वह बाहर आया, लेकिन बिस्तर पर रमेश राम नहीं था। इस पर उसने आसपास पूछताछ की। अजय ने गांव वालों के साथ तलाश शुरू कर दी। घर के पास से गुजर रही नहर में बहाव काफी तेज था। आशंका पर लोगों ने नहर में रमेश राम की तलाश शुरू की और घर से करीब दो किमी दूर बागजाला पनचक्की के पास रमेश राम की लाश बरामद हुई। बेस अस्पताल में ले जाने के बाद चिकित्सकों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर, हादसे से गौलापार के लोगों में खासा रोष है और इस घटना के लिए उन्होंने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाया है।
