हल्द्वानी: इंटरनेट की गड़बड़ी से बीच में छूट रही क्लास, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक परेशान
हल्द्वानी, अमृत विचार। मौसम खराब होने का असर सबसे ज्यादा मोबाइल नेटवर्क कंपनियों पर पड़ता दिखाई दे रहा है। कुछ कंपनियों को छोड़ दें तो बाकी सभी की इंटरनेट सेवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। इसका सबसे ज्यादा असर ऑनलाइन पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। बीच कक्षा में इंटरनेट गायब होने …
हल्द्वानी, अमृत विचार। मौसम खराब होने का असर सबसे ज्यादा मोबाइल नेटवर्क कंपनियों पर पड़ता दिखाई दे रहा है। कुछ कंपनियों को छोड़ दें तो बाकी सभी की इंटरनेट सेवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। इसका सबसे ज्यादा असर ऑनलाइन पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों पर पड़ रहा है।
बीच कक्षा में इंटरनेट गायब होने से विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल व टैबलेट से इंटरनेट गायब होने के चलते शिक्षकों को एक ही बात कई बार दोहरानी पड़ रही है। इसके बाद भी विद्यार्थियों तक उनकी आवाज ठीक तरह से नहीं पहुंच पा रही है।
मोबाइल इंटरनेट की गड़बड़ी से ऑनलाइन शिक्षा में सबसे ज्यादा व्यवधान पैदा हो रहा है।
शिक्षा विभाग ने स्कूल एवं कॉलेजों की छुट्टी तो कर दी। साथ ही विद्यार्थियों की पढ़ाई पर कोई असर न पड़े इसके लिए सभी शिक्षकों से ऑनलाइन क्लास के माध्यम से शिक्षण कार्य जारी रखने के आदेश भी दिए। विभागीय आदेश मिलने के बाद सभी शिक्षक बच्चों को ऑनलाइन क्लास के माध्यम से पढ़ाई करा रहे हैं, लेकिन इसमें मोबाइल इंटरनेट सबसे ज्यादा व्यवधान पैदा कर रहा है। इसको लेकर विद्यार्थी और शिक्षक ही नहीं बल्कि उनके अभिभावक भी परेशान हैं।
इंटरनेट की समस्या को लेकर विद्यार्थी अपने अभिभावकों से शिकायत करते नहीं थक रहे। वहीं अभिभावक भी मोबाइल कनेक्शन बदलने की सोचकर बाजार जाते हैं, लेकिन जब उन्हें पता चलता है कि सभी कंपनियों का यही हाल है तो वह अपने विचार को बदल भी रहे हैं। एमबीपीजी कॉलेज की बीए प्रथम वर्ष की छात्रा श्वेता नेगी ने बताया कि कॉलेज बंद होने के बाद ऑनलाइन क्लास से पढ़ाई होनी थी, लेकिन जब भी क्लास का समय होता है मोबाइल का इंटरनेट या तो गायब हो जाता है या फिर उसकी स्पीड धीमी हो जाती है। राज्य सरकार ने टैबलेट तो उपलब्ध करा दिए, लेकिन इंटरनेट कंपनियों की अव्यवस्थाओं पर लगाम नहीं लगा पाई है।
इसी तरह एमए के छात्र प्रशांत जोशी बताया कि पहले जिस कंपनी का इंटरनेट प्रयोग कर रहे थे। वह परेशान करता था, परिजनों से कहकर दूसरी कंपनी का सिम लिया और प्रयोग करने लगे। कुछ दिन तक तो ठीक रहा, लेकिन अब फिर से वही परेशानी आने लगी है। अपने दोस्तों से भी पता किया कि उनके मोबाइल का इंटरनेट कैसा चलता है। तो सभी ने बताया कि इसी तरह का हाल सभी का है। नई सिम लेने पर कुछ दिन तक तो इंटरनेट ठीक चलता है, लेकिन बाद में वही स्थिति हो जाती है।
