मुरादाबाद : राजस्व टीम ने विवादित प्लाट की चारदीवारी तोड़ी
मुरादाबाद/भोजपुर, अमृत विचार। एसडीएम के आदेश पर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने कब्रिस्तान के निकट हो रही प्लाटिंग की चारदीवारी को पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया। इस दौरान नायब तहसीलदार और पूर्व प्रधान में जमकर नोकझोंक हुई। ब्लॉक भगतपुर टांडा के गांव जाहिदपुर सीकमपुर में …
मुरादाबाद/भोजपुर, अमृत विचार। एसडीएम के आदेश पर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने कब्रिस्तान के निकट हो रही प्लाटिंग की चारदीवारी को पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया। इस दौरान नायब तहसीलदार और पूर्व प्रधान में जमकर नोकझोंक हुई।
ब्लॉक भगतपुर टांडा के गांव जाहिदपुर सीकमपुर में कब्रिस्तान के निकट गांव के पूर्व प्रधान इरशाद हुसैन एक एकड़ जमीन खरीदकर प्लाटिंग कर रहे हैं। ग्रामीण वाजिद, एहसास व सरजीत ने एसडीएम सदर को शिकायती पत्र देकर आधी जमीन को लावारिस बताते हुए प्लाटिंग रुकवाने की गुहार लगाई। एसडीएम सदर ने तहसीलदार सदर नितिन तेवतिया के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम गठित कर विवादित जमीन की पैमाइश करने के लिए भेजा।
विवादित जमीन के आधे भाग पर खतौनी में दर्ज नामों में से कोई व्यक्ति मालिकाना हक जताने नहीं आया। इसकी रिपोर्ट राजस्व विभाग की टीम ने एसडीएम सदर को दे दी। शनिवार को नायब तहसीलदार गौरव विश्नोई, हल्का लेखपाल ओमप्रकाश, थाना पुलिस और जेसीबी को साथ लेकर प्लाटिंग ध्वस्त कराने मौके पर पहुंचे।
पूर्व प्रधान ने राजस्व विभाग की टीम से निर्माण कार्य तोड़ने का आदेश दिखाने को कहा। इस पर पूर्व प्रधान और नायब तहसीलदार में जमकर नोकझोंक हुई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद राजस्व विभाग की टीम ने जेसीबी से प्लाटिंग की चाहरदीवारी ध्वस्त कर दी। पूर्व प्रधान ने तहसीलदार पर विरोधियों से हमसाज होकर निर्माण तोड़ने की शिकायत मंडलायुक्त से की है।
