बरेली: बारिश में तालाब बनीं स्मार्ट सिटी की सड़कें
बरेली, अमृत विचार। बारिश ने रविवार को स्मार्ट सिटी की सूरत बिगाड़ दी। शहर के तमाम इलाकों में पानी भरने से सड़कें तालाब बन गईं। इससे चौपहिया और दोपहिया वाहनों के साइलेंसरों में पानी भर गया। नेकपुर गन्ना मिल से करगैना तक बदायूं रोड पर फिर से जलभराव हो गया। इससे यहां कीचड़ और पानी …
बरेली, अमृत विचार। बारिश ने रविवार को स्मार्ट सिटी की सूरत बिगाड़ दी। शहर के तमाम इलाकों में पानी भरने से सड़कें तालाब बन गईं। इससे चौपहिया और दोपहिया वाहनों के साइलेंसरों में पानी भर गया। नेकपुर गन्ना मिल से करगैना तक बदायूं रोड पर फिर से जलभराव हो गया। इससे यहां कीचड़ और पानी भरने से बड़े हादसे का खतरा बना रहा। शहर के पॉश इलाकों भी जलभराव की स्थिति रही। लगातार बारिश के चलते पानी की निकासी भी नहीं हो सकी।
सिटी स्टेशन रोड की एक लेन पर करीब दो फुट तक पानी भर गया। सिविल लाइंस, रामपुर गार्डन, डीडीपुरम, राजेंद्रनगर, एकतानगर भी जलमग्न हो गए। निचले मोहल्ले संजयनगर, हजियापुर, एजाजनगर गौंटिया, लोधी टोला, नेकपुर, मढ़ीनाथ, बंशी नगला, शांति विहार आदि में भारी जलभराव हुआ। गांधी उद्यान के सामने, सुभाषनगर पुलिया और चौकी चौराहा से कॉलेज रोड पर काफी जलभराव रहा। बारिश के दौरान यहां से वाहन नहीं निकल सके।
रविवार सुबह से कई बार तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव से परेशानी भी झेलनी पड़ी। कई जगह तो मुख्य मार्ग पर भी इतना जलभराव हो गया कि लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। पॉश इलाकों से लेकर पुराने शहर और निचले इलाकों में घरों के अंदर तक पानी भर गया। जलभराव में लोगों की कारें तक फंस गईं। नगर निगम के अधिकारियों का दावा फेल होने के साथ नाला सफाई अभियान की एक बार फिर से हकीकत सामने आ गई।
इधर, शहर के रामपुर गार्डन कॉलानी, सुभाष नगर, मढ़ीनाथ, संजय नगर, हजियापुर, सिकलापुर, शांति विहार, कांकरटोला, आजम नगर, सूफी टोला, रोहली टोला, राजेंद्र नगर के इलाकों में जबरदस्त जलभराव रहा। सिविल लाइंस, डीडीपुरम, राजेंद्र नगर जैसे पॉश इलाकों के साथ ही सिकलापुर, पुराना ताड़ीखाना रोड, साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज रोड, फर्नीचर मंडी, आजमनगर, शांति विहार, कोहाड़ापीर रोड की गलियों में भी जलभराव हो गया।
सुभाषनगर पुलिया के पास फिर पानी भरने से लोग परेशान
सुभाषनगर पुलिया पर निर्माण कार्य नहीं हो पा रहा है। जबकि बारिश में पुलिस के नीचे जलभराव से तालाब बन जाता है। इससे वाहनों के गुजरने में काफी परेशानी होती है। स्मार्ट सिटी के तहत सुभाषनगर में नए पुल का निर्माण होना है। इसका टेंडर और वर्क ऑर्डर भी हो चुका है लेकिन इसका निर्माण कार्य शुरू न होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। इधर, संजयनगर चौराहे से सब्जी मंडी वाला रोड भी काफी खराब है। इस पर जलभराव और कीचड़ से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। विकास भवन, स्टेडियम सहित कई सड़कों के निर्माणाधीन कामों की वजह से राहगीरों को दिक्कत उठानी पड़ रही है।
बदायूं रोड फिर बना तालाब, खतरनाक गड्ढों से हादसे की आशंका
बदायूं रोड पर मरम्मत के नाम पर कुछ जगहों पर मिट्टी डाली गई है। रोड के दोनों ओर नाले का निर्माण कार्य काफी धीमी गति से हो रहा है। इस वजह से रोड पर काफी जलभराव हो रहा है। सड़क के गड्ढों पर मिट्टी पड़ी होने से वहां कीचड़ हो गया है। इससे यहां हादसे का डर भी बना हुआ है। यह रोड काफी समय से दुर्दशाग्रस्त है।
